बांध में पानी की आवक लगातार जारी पिछले 24 घंटे में 22 सेमी बढ़ा गेज सुबह बांध का गेज 312.47 आरएल मीटर बांध की कुल जल भराव क्षमता 315.50 आरएल मीटर
बांध में पानी की आवक लगातार जारी
पिछले 24 घंटे में 22 सेमी बढ़ा गेज
सुबह बांध का गेज 312.47 आरएल मीटर
बांध की कुल जल भराव क्षमता 315.50 आरएल मीटर
जयपुर। पिंकसिटी समेत चार जिलों की लाइफ लाइन बीसलपुर बांध में पानी का स्टोरेज तेजी से हो रहा है। बांध में अब भी लगातार पानी की आवक तेजी से हो रही है। हालांकि अब भी बांध तीन मीटर से ज्यादा खाली है लेकिन जिस रफ्तार से बांध में पानी आ रहा है उसे देखते हुए सिंचाई विभाग ने आगामी दिनों में बांध में पानी की बंपर आवक से ओवरफ्लो होने पर बांध के गेट खोले जाने की उम्मीद जताई है।
पिछले 24 घंटे में त्रिवेणी से होकर बांध में पानी की आवक फिर तेज हो गई। हालांकि त्रिवेणी में पानी का बहाव 2.70 मीटर पर स्थिर रहा लेकिन फिर भी चौबीस घंटे में बांध का जलस्तर 22 सेमी बढ़कर 312.47 आरएल मीटर तक जा पहुंचा। मालूम हो बांध से जयपुर समेत टोंक, दौसा, अजमेर जिलों में रोजाना जलापूर्ति होती है। चार जिलों की मुख्य लाइफलाइन बीसलपुर बांध में अभी तक कुल क्षमता का 51.44 फीसदी पानी अब तक स्टोर हो चुका है। बांध की कुल जल भराव क्षमता 315.50 आरएल मीटर है यानि बांध में अब तक कुल 19.9 टीएमसी पानी स्टोरेज हो चुका है। हालांकि भीलवाड़ा, चित्तौड़, राजसमंद जिलों में पिछले दिनों तक हुई झमाझम बारिश ने त्रिवेणी में पानी के बहाव को तेज कर दिया जिसके चलते बांध के जलस्तर में भी तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई।
पिछले डेढ़ महीने में बांध के कैचमेंट एरिया और टोंक- अजमेर जिले में हुई तेज बारिश ने मानसून सक्रिय होते ही बांध में करीब पौने दो महीने जलापूर्ति लायक पानी का स्टोरेज कर दिया। वहीं पिछले दस दिनों में ही बांध का गेज तेजी से बढ़कर अब 312.47 आरएल मीटर को छू गया।
फैक्ट फाइल
जल भराव क्षमता
315.50 आरएल मीटर कुल जल भराव क्षमता
38.708 टीएमसी पानी का होता है भराव
कहां कितनी जलापूर्ति
अभी जयपुर शहर को रोजाना 500 एमएलडी से ज्यादा पानी सप्लाई हो रहा है। इसी से जुड़ी मालपुरा-दूदू पाइप लाइन से 600 गांव व सात कस्बों में भी रोजाना जलापूर्ति होती है। झिराना- चाकसू पाइप लाइन से 984 गांव व कुछ कस्बों में पानी की आपूर्ति की जाती है।
अजमेर शहर समेत 1100 से ज्यादा गांव, नसीराबाद, ब्यावर, किशनगढ़,केकड़ी, सरवाड़, पुष्कर, विजयनगर समेत 8 कस्बों में बांध से रोजाना जलापूर्ति होती है।
टोंक समेत देवली, उनियारा कस्बों व इससे जुड़े 436 से ज्यादा गांवों और 773 ढाणियों भी बांध से रोजाना जलापूर्ति होती है।