
जयपुर। बीसलपुर बांध में इस साल पहली बार सोमवार को पानी की आवक हुई। इससे पहले पूरे सावन बांध पानी भराव को तरसता रहा। कैचमेंट एरिया में हुई बारिश से बांध का जल स्तर पिछले 24 घंटे में 6 सेमी बढ़कर 309.16 आरएल मीटर हो गया। बीसलपुर बांध का जलस्तर रविवार शाम 309.10 आरएल मीटर था। बांध के जल ग्रहण क्षेत्र में सोमवार को 28 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं त्रिवेणी पर सोमवार देर शाम जल स्तर 1.10 मीटर दर्ज किया गया। इससे पहले दिन में त्रिवेणी पर पानी की आवक नगण्य थी।
21 फीसदी तक ही पहुंचा बीसलपुर
जयपुर की प्यास बुझाने वाले बीसलपुर बांध की स्थिति भी बहुत खराब है। यह अब तक 21 फीसदी ही भर पाया है। जबकि पिछले साल इस समय तक 65 फीसदी भर चुका था।
कोटा संभाग के बांधों में अच्छी आवक
राज्य में केवल कोटा संभाग ही पिछले साल के आंकड़ों को छू पाया है। पिछले साल 56 फीसदी पानी आया था जबकि इस बार अब तक 56 फीसदी से अधिक पानी आ चुका है। जयपुर, जोधपुर, उदयपुर संभाग में बांधों की स्थिति खराब है। कुल मिलाकर वर्तमान मं बांधों में पानी की आवक में स्थिति संतोषजनक नहीं है।
दिनभर छाए रहे बादल, हल्की बूंदा-बांदी ने दी राहत
राजधानी में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहे। हालांकि, कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई, लेकिन तेज बारिश दर्ज नहीं की गई। कलक्ट्रेट स्थित नियंत्रण कक्ष व सांगानेर स्थित मौसम विभाग के कक्ष में शाम 5.30 बजे तक बारिश रिकॉर्ड नहीं की गई थी। उधर, बादल छाए रहने से मौसम सुहावना रहा। रात होते-होते शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदा-बांदी व कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश ने लोगों को राहत दी। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान व पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की व मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्से में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। प्रदेश में डबोक में 38 मिमी, कोटा में 23.2 मिमी व अजमेर में 7.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।