जयपुर

दिल्ली चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत, Rajasthan BJP मुख्यालय में जश्न, राजे ने मदन राठौड़ को खिलाया लड्डू

Delhi Assembly Elections Result 2025: पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सोशल मीडिया पर लिखा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में शानदार जीत के लिए दिल्ली भाजपा को बधाई।

2 min read
Feb 08, 2025

दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली जीत की खुशी राजस्थान भाजपा में भी नजर आई। सबसे ज्यादा हलचल राजधानी जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में दिखाई दीं, जहां पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित अन्य वरिष्ठ नेता पहुंचे। वहीं प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और पूर्व सीएम राजे ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर बधाई दी।

सभी नेताओं ने दिल्ली फतह की एक-दूसरे को बधाई दी। भाजपा नेताओं ने दिल्ली में मिली जीत को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में 27 साल बाद भाजपा की एन्ट्री हुई है। दिल्ली की जनता ने 'मोदी गारंटी' पर भरोसा किया और आम आदमी पार्टी का सफाया किया। अब 'डबल इंजन' सरकार बनने से दिल्ली का विकास होना तय है।

सीएम ने कसा तंज

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत पर कहा है कि लूट और झूठ वाले आप-'दा' की दिल्लीवासियों ने विदाई कर दी है और अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार दिल्ली का विकास करेगी। शर्मा ने दिल्ली में भाजपा की जीत पर अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सोशल मीडिया पर लिखा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में शानदार जीत के लिए दिल्ली भाजपा को बधाई। यह ऐतिहासिक जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, समृद्ध एवं प्रगतिशील दिल्ली के लिए उनके विजन पर लोगों के अटूट विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने मेहनती भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए लिखा कि इनके अथक प्रयासों और प्रतिबद्धता ने इस जीत को वास्तविकता में बदल दिया है।

यह वीडियो भी देखें

मदन राठौड़ ने दी बधाई

राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत को जनता की उम्मीदों, आकांक्षाओं और विश्वास का परिणाम बताते हुए कहा है कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओ की मेहनत का नतीजा है। राठौड़ ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने झूठे वादे करने और आश्वासन देने वालो को कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल भाजपा की नहीं बल्कि दिल्ली की जनता के विवेक, साहस और संकल्प की जीत है। बता दें कि बीजेपी ने दिल्ली चुनाव में 48 सीटें जीती हैं। वहीं आप के खाते में महज 22 सीटें आईं हैं। कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला है।

Also Read
View All

अगली खबर