जयपुर

भाजपा का अनूठा अभियान, गांव में रात्रि विश्राम करेंगे सीएम भजन लाल

प्रदेश भाजपा का ‘गांव चलो अभियान’ आज से शुरू होगा। 11 फरवरी तक करीब 85 हजार से अधिक भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश के 54 हजार स्थानों पर एक दिवसीय रात्रि प्रवास करेंगे।
2 min read
• •
Updated: 9 Feb 2024, 11:36 AM IST
cm_bhajan_lal_in_village.jpg

प्रदेश भाजपा का ‘गांव चलो अभियान’ आज से शुरू होगा। 11 फरवरी तक करीब 85 हजार से अधिक भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश के 54 हजार स्थानों पर एक दिवसीय रात्रि प्रवास करेंगे। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा शुक्रवार को नागौर जिले के गोगेलाव गांव में रात्रि विश्राम करेंगे। यहां सीएम स्वदेशी हाट का अवलोकन करने के बाद कुटीर उद्योग से बनी वस्तुओं की ख़रीदारी करेंगे। गांव के जैन मंदिर और करणी माता मंदिर में दर्शनों के साथ नवमतदाता संपर्क, विशिष्ट व्यक्तियों से मुलाक़ात, किसानों से संपर्क, लाभार्थी संपर्क और दलित के घर भोजन करेंगे। अगले दिन शनिवार सुबह वे गांव के तालाब के पास स्वच्छता अभियान और पौधारोपण के साथ ही सुबह की चाय, देशी नाश्ता करेंगे। खेत और उपकरणों का अवलोकन करने के बाद गांव में 105 वर्ष की सबसे बुजुर्ग महिला मतदाता बिदामी देवी से मुलाकात करेंगे।

इन नेताओं का भी रहेगा रात्रि प्रवास

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी भीलवाड़ा, उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा सीकर, कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ जयपुर दक्षिण, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ चूरू, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां जयपुर शहर, अरूण चतुर्वेदी जयपुर दक्षिण, अशोक परनामी अलवर दक्षिण, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण पंचारिया जयपुर उत्तर और प्रदेश महामंत्री दामोदर अग्रवाल राजसमंद में 9 फरवरी को रात्रि प्रवास करेंगे। प्रवास के दौरान सभी पदाधिकारियों को केंद्र द्वारा तय किए गए 19 तरह के विभिन्न कार्यक्रम करने होंगे।

पीएम मोदी ने दिया था सुझाव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले दिनों जयपुर में भाजपा कार्यालय पर विधायकों व मंत्रियों से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों के साथ पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को एक गांव में रात्रि विश्राम करने का सुझाव दिया था। पीएम के इस सुझाव के बाद पूरे देशभर में ही इसे अभियान की तरह चलाया जा रहा है।

Published on: