जयपुर

पंचायती राज उपचुनाव में BJP ने जीत का लहराया परचम, मदन राठौड़ बोले- जनता ने कांग्रेस को नकारा, भाजपा पर विश्वास जताया

Rajasthan Politics: राजस्थान में हुए पंचायती राज उपचुनावों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। जनता ने भाजपा पर भरोसा जताते हुए विकास की राजनीति पर मुहर लगाई है।

2 min read
Feb 15, 2025

Rajasthan Politics: राजस्थान में हुए पंचायती राज उपचुनावों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों में जनता ने भाजपा पर भरोसा जताते हुए विकास की राजनीति पर मुहर लगाई है। बीजेपी ने पंचायत समिति 16 में से 10 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि जिला परिषद की 3 में से 2 सीटों पर भी भाजपा ने परचम लहराया। भाजपा की इस जीत को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार के विकास कार्यों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता के विश्वास के रूप में देखा जा रहा है।

मदन राठौड़ ने जनता का जताया आभार

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने उपचुनावों में भाजपा की जीत को जनता की भाजपा सरकार के प्रति विश्वास की जीत बताया। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि वे विकास की राजनीति के साथ हैं। पहले विधानसभा उपचुनाव और अब पंचायती राज उपचुनाव में मिली जीत इस बात का संकेत है कि लोग कांग्रेस की नीतियों को नकार चुके हैं और भाजपा के सुशासन व विकास को अपना समर्थन दे रहे हैं।

मदन राठौड़ ने कहा कि महिला, युवा, किसान और गरीब वर्ग के लिए सरकार ने ठोस कदम उठाए हैं, जिससे जनता को सीधा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि यह उपचुनावों में मिली जीत दर्शाती है कि राजस्थान की जनता विकास और सुशासन की राह पर भाजपा सरकार के साथ खड़ी है।

बीजेपी ने पंचायत समिति की 16 सीटों में से 10 पर जीत दर्ज की, जबकि 4 सीटों पर पार्टी ने बढ़त बनाई। वहीं, जिला परिषद की 3 में से 2 सीटें भाजपा के खाते में गईं।

पंचायत समिति में जीत वाली सीटें

वैर, भीनमाल, चितलवाना, कैरू, मकराना, राजसमंद, लक्ष्मणगढ़, धोद, अजीतगढ़ और बालोतरा लक्ष्मणगढ़, धोद और भीनमाल सीटों पर भाजपा प्रत्याशी को निर्विरोध जीत मिली है।

जिला परिषद में जीत वाली सीटें

बीकानेर और चित्तौड़गढ़ चित्तौड़गढ़ सीट पर भाजपा उम्मीदवार ने 2,000 से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की है।

BJP सरकार के आधे से अधिक वादे पूरे

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार ने संकल्प पत्र के 50 फीसदी से अधिक वादे एक साल में पूरे कर दिए हैं। उन्होंने बेरोजगारों को रोजगार देने, किसानों की आय बढ़ाने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

BJP सरकार की प्रमुख उपलब्धियां

मदन राठौड़ ने बताया कि बीजेपी सरकार ने पहली बार भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी किया जिससे युवाओं को समय पर नौकरियों के अवसर मिलेंगे। वहीं, किसानों को राहत देते हुए MSP में वृद्धि और किसान सम्मान निधि बढ़ाने जैसे निर्णय लिए हैं। साथ ही निवेश और औद्योगीकरण को बढ़ावा देते हुए 'राइजिंग राजस्थान' के तहत 35 लाख करोड़ रुपये से अधिक के MoU साइन किए गए, जिन पर काम शुरू हो चुका है।

Published on:
15 Feb 2025 06:52 pm
Also Read
View All

अगली खबर