जयपुर

भाजपा नेता रखेंगे सांकेतिक उपवास, कल करेंगे आरोप पत्र जारी

प्रदेश भाजपा की ओर से कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं बिगड़ी कानून व्यवस्था के खिलाफ आज प्रदेशभर के सभी जिला मुख्यालयों पर सांकेतिक उपवास रखा जाएगा  
less than 1 minute read
Dec 16, 2019
jaipur
BJP rajasthan state president satish poonia

जयपुर 16 दिसंबर
प्रदेश भाजपा की ओर से कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं बिगड़ी कानून व्यवस्था के खिलाफ आज प्रदेशभर के सभी जिला मुख्यालयों पर सांकेतिक उपवास रखा जाएगा। राजधानी में गांधी सर्किल पर सुबह 11 बजे उपवास होगा। इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां, शहर अध्यक्ष मोहनलाल गुप्ता सहित अन्य विधायक, सांसद, पार्टी पदाधिकारी और अन्य नेता हिस्सा लेंगे। मंगलवार को प्रदेश भाजपा की ओर से सरकार के एक साल के कार्यकाल पर आरोप पत्र जारी किया जाएगा। सरकार के 52 सप्ताह के कार्यकाल के अनुसार 52 आरोप लगाए जाएंगे।

प्रदेश भाजपा ने हाल ही में बैठक कर तय किया था कि 16 दिसम्बर को जिला मुख्यालयों पर यह कार्यक्रम रखा जाएगा। आज सभी इस कार्यक्रम में स्थानीय पार्टी के विधायक, सांसद, पदाधिकारी, सांसद, जिला अध्यक्ष, मण्डल अध्यक्ष, पंचायत चुनाव के सम्भाग प्रभारी, जिला प्रभारी, पंचायत समिति प्रभारी सहित पार्टी के कार्यकर्ता शामिल होंगे।

आरोप पत्र में 52 आरोप

अगले दिन 17 दिसम्बर को कांग्रेस के खिलाफ आरोप पत्र जारी किया जाएगा। सरकार के कथित भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न, बाल तस्करी, आर्थिक आपातकाल के साथ ही बेरोजगार नौजवानों, किसानों से किए गए वादों को पूरा न करने जैसे मुद्दों को आरोप पत्र में शामिल किया जाएगा। कांग्रेस सरकार के 52 सप्ताह पूरे हो रहे हैं, इसलिए आरोप पत्र में भाजपा की ओर से सरकार पर 52 आरोप लगाए जाएंगे। यही नहीं इसी दिन प्रदेशभर के सभी पंचायत समिति मुख्यालयों पर भाजपा द्वारा 365 मीटर पैदल मार्च करके सरकार की नाकामियों को आम जनता के बीच जाकर उजागर किया जाएगा।

Published on:
16 Dec 2019 09:46 am