जयपुर

Election Results 2026 : पश्चिम बंगाल में BJP का जलवा, सीएम भजनलाल शर्मा ने बताया कैसे मिली प्रचंड जीत

Election Results 2026 : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी को मिले जनादेश पर खुशी जताते हुए इसे ऐतिहासिक और अभूतपूर्व करार दिया है।

2 min read
May 04, 2026
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ( फाइल फोटो-पत्रिका)

जयपुर। पश्चिम बंगाल, असम, पुडुचेरी, तमिलनाडु और केरलम में हुए विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। पश्चिम बंगाल के रुझानों में बीजेपी ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। जिसके बाद से भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। वहीं असम में भी रुझानों में बीजेपी की सरकार बनती नजर आ रही है। पुडुचेरी में भाजपा-एनडीए गठबंधन की सरकार तय मानी जा रही है। रुझानों में पांच में से तीन राज्यों में भाजपा को बहुमत मिलने पर राजस्थान भाजपा में जश्न का माहौल है।

वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी को मिले जनादेश पर खुशी जताते हुए इसे ऐतिहासिक और अभूतपूर्व करार दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया 'X' पर पोस्ट जारी कर देवतुल्य जनता-जनार्दन, समर्पित कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संदेश में कहा कि यह जीत केवल राजनीतिक सफलता नहीं है, बल्कि जनता के विश्वास, आशाओं और आकांक्षाओं की सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने तुष्टिकरण और नकारात्मक राजनीति को नकारते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और ‘विकसित भारत’ के संकल्प पर अपना अटूट विश्वास व्यक्त किया है।

उन्होंने इस गौरवपूर्ण परिणाम का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के साथ-साथ ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को दिया। इसके अलावा गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कुशल नेतृत्व, मजबूत संगठनात्मक क्षमता और अथक परिश्रम की भी सराहना की।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के स्नेह से यह ऐतिहासिक जनादेश संभव हुआ है। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी आगे भी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। उन्होंने अंत में एक बार फिर सभी को इस जीत के लिए बधाई देते हुए इसे लोकतंत्र की मजबूती और जनविश्वास की बड़ी जीत बताया।

ममता बनर्जी के शासन से त्रस्त थी जनता

राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा, "बंगाल में ममता बनर्जी के शासन से जनता त्रस्त, परेशान थी। वहां तुष्टीकरण की पराकाष्ठा थी और पूरे बंगाल में शरिया कानून चल रहा था। लूट-खसोट चल रही थी। TMC के कार्यकर्ता वहां वसूली करते थे, जनता को परेशान करते थे। ममता बनर्जी सरकार के अधिकारियों ने खुलेआम लोगों को छूट दे रखी थी… निश्चित रूप से ममता बनर्जी का शासन समाप्त होगा और वहां भाजपा का शासन होगा।"

Also Read
View All