
जयपुर. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से दिए गए डिनर पर भाजपा नेता लगातार निशाना साध रहे हैं। मंगलवार को दो मंत्रियों हेम सिंह भडाना और राजकुमार रिणवा ने भी डिनर डिप्लोमेसी को निशाना बनाते हुए कहा कि कांग्रेस में हर व्यक्ति का अपना दल है, तीन-चार मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं। एेसे में कांग्रेस का ग्राफ कभी ऊपर आ ही नहीं सकता।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में जनसुनवाई के बाद खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री हेम सिंह भडाना एवं खान मंत्री राजकुमार रिणवा ने कहा कि यह संभव ही नहीं है कि कांग्रेसी एक हो जाएं, एेसे में डिनर देने से कोई फायदा नहीं।
भाजपा में भी विधायक घनश्याम तिवाड़ी के अलग पार्टी बनाने के संकेत पर भडाना ने कहा कि एेसा नहीं है। भाजपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री से लेकर नीचे तक सब एक हैं।
ज्ञानदेव आहूजा के विधायकों के नाराज होने के बयान को उन्होंने निजी बताते हुए कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में होने वाली मंत्रियों की जनसुनवाई को बंद करने को लेकर जोर-शोर से बयान दे विवादों में आए खान मंत्री राजकुमार रिणवा के तेवर ढीले पड़ गए हैं। वे मंगलवार को अपने पिछले बयान से पूरी तरह से पलट गए और सारा दोष मीडिया पर मढ़ दिया।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई बंद करने को लेकर उन्होंन कभी नहीं कहा। यह अधिकार तो मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष का है। वे लगातार जनसुनवाई में आते रहेंगे। उनसे जब यह पूछा गया कि पिछली बार उन्होंने जनसुनवाई बंद करने को लेकर सीएम से बात करने का बयान दिया था, क्या उन्होंने बात की, इस पर उन्होंने कहा कि एेसा कहा ही नहीं। उनसे तो मीडिया ने पूछा था कि जनसुनवाई में लोग नहीं आ रहे, इसका कोई औचित्य नहीं है, इस पर कहा था कि मुख्यमंत्री तक उनकी बात पहुंचा दी जाएगी।