जयपुर

Rajasthan: पंचायत चुनाव से पहले एक्टिव हुई भाजपा, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का 27 अप्रेल को राजस्थान दौरा तय

Rajasthan Politics: राजस्थान में भाजपा संगठन को लेकर आने वाले समय में हलचल तेज होने वाली है। भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आगामी 27 अप्रेल को राजस्थान दौरे पर आ रहे हैं।
2 min read
Apr 21, 2026
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, पत्रिका फोटो
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, पत्रिका फोटो

Rajasthan Politics: राजस्थान में भाजपा संगठन को लेकर आने वाले समय में हलचल तेज होने वाली है। भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आगामी 27 अप्रेल को राजस्थान दौरे पर आ रहे हैं। इस संभावित यात्रा को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और इसे अहम राजनीतिक घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। इस दौरान संगठन को मजबूत करने और आगामी रणनीतियों पर गहन मंथन होने की संभावना है।

यह रहेगा दौरे का कार्यक्रम

भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आगामी 27 अप्रेल को राजस्थान दौरे पर आएंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह जयपुर पहुंचेंगे, जहां से सीधे टोक जाएंगे। टोंक में वे स्थानीय भाजपा कार्यालय के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अन्य जिला कार्यालयों का उ‌द्घाटन करेंगे।

भाजपा नेताओं के अनुसार टोंक से बूंदी, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बाड़मेर, पाली और चूरू के जिला कार्यालयों का उद्घाटन किया जाएगा, जबकि दो जिला कार्यालयों का शिलान्यास भी होगा। इसके बाद नितिन नवीन जयपुर लौटेंगे और भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश कोर कमेटी की बैठक लेंगे।

सीएम भजनलाल शर्मा ने ​दौरे का किया था आग्रह

बीते दिनों राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की थी। दोनों के बीच राजस्थान में सरकार और संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही प्रदेश में नियुक्तियों और आगामी पंचायत राज चुनावों के साथ ही राज्य मंत्रिमंडल में संभावित विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान सीएम भजनलाल शर्मा ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से राजस्थान दौरे का भी आग्रह किया था। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रदेश दौरा इस कारण से काफी अहम माना जा रहा है।

राज्य स्तर पर बनेगा भव्य मुख्यालय भवन

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का कहना है कि पार्टी सिर्फ राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि अपने संगठनात्मक ढांचे को भी मजबूत और आधुनिक बनाने पर जोर दे रही है। इसी दिशा में राजस्थान के हर जिले में भाजपा के नए कार्यालय तैयार किए जा रहे हैं। साथ ही, राज्य स्तर पर एक भव्य और अत्याधुनिक मुख्यालय के निर्माण को लेकर भी चर्चा जारी है, जिस पर जल्द ही फैसला लिया जा सकता है।

Updated on:
21 Apr 2026 12:18 pm
Published on:
21 Apr 2026 12:18 pm