
जयपुर। सोशल मीडिया पर राजनीतिक प्रभाव बढ़ाने के लिए भाजपा अब अपने नेताओं और सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही इन्फ्लुएंसर के रूप में तैयार करेगी। पार्टी ने इसके लिए 'ऑर्गेनाइजेशनल इन्फ्लुएंसर्स' की रणनीति बनाई है। सोशल मीडिया पर अच्छी फॉलोअर्स संख्या और सक्रियता रखने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को एक साझा प्लेटफॉर्म पर लाया जा रहा है। पार्टी का मकसद है बाहरी इन्फ्लुएंसर्स की बजाय अपने नेता-कार्यकर्ताओं पर ही भरोसा जताया जाए, ताकि सरकार और संगठन की योजनाओं, उपलब्धियों और राजनीतिक मुद्दों को इन डिजिटल चेहरों के माध्यम से अधिक प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाया जाए।
इस प्लान के पहले चरण में राजस्थान से करीब 150 से 175 नेताओं और कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है। इसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित कई मंत्री, पार्टी के वरिष्ठ नेता, युवा मोर्चा के पदाधिकारी और सामान्य कार्यकर्ता भी शामिल है।
इन्फ्लुएंसर के चयन में केवल फॉलोअर्स की संख्या को आधार नहीं बनाया गया है। इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनकी पहुंच के साथ नियमित पोस्टिंग और सक्रियता भी देखी जा रही है।
दूसरे चरण में पार्टी प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 50 से 60 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को जोड़ने की तैयारी कर रही है। यह कवायद आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
'सोशल मीडिया पर सक्रिय और प्रभावशाली नेताओं व कार्यकर्ताओं को एक साझा मंच पर लाकर संगठन की डिजिटल ताकत बढ़ा रहे हैं। जिनकी सोशल मीडिया पर अच्छी पहुंच और नियमित सक्रियता है, उन्हें पार्टी स्तर पर चिह्नित किया जा रहा है।' -हीरेन्द्र कौशिक, प्रदेश संयोजक (सोशल मीडिया), भाजपा राजस्थान