जयपुर

सीपी जोशी ने गहलोत को बताया छलिया जादूगर, बोले-सिर्फ छल करना जानते हैं

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जोधपुर में दिए बयान पर तंज कसा है। गहलोत ने जोधपुर में कहा था कि पैसे की कमी आई तो जादू दिखा कर पैसा कमा लेंगे। इस पर जोशी ने कहा कि आप छलिया जादूगर हैं।

2 min read
Jun 05, 2023
सीपी जोशी ने गहलोत को बताया छलिया जादूगर, बोले-सिर्फ छल करना जानते हैं

जयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जोधपुर में दिए बयान पर तंज कसा है। गहलोत ने जोधपुर में कहा था कि पैसे की कमी आई तो जादू दिखा कर पैसा कमा लेंगे। इस पर जोशी ने कहा कि आप छलिया जादूगर हैं, केंद्र सरकार की योजनाओं में कुछ पैसा जोड़कर, उनका नाम परिवर्तित करके स्वयं को शाबाशी देना बंद कीजिए। प्रदेश की जनता आपके छल को समझ चुकी है। विकास की गंगा केंद्र सरकार बहा रही है, आप सिर्फ वाहवाही लूटने में लगे हो। आपने प्रदेश को सिर्फ अपराध, भ्रष्टाचार, दलित उत्पीड़न, बेरोजगारी, किसानों के साथ धोखा जैसे दंश दिए हैं।

जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत का पूरा ध्यान अपनी कुर्सी पर लगा हुआ है। प्रदेश में हो रहे अपराध, अराजकता का माहौल युवाओं और किसानों के साथ धोखा जैसे मुद्दों से आपका कोई सरोकार नहीं है। प्रदेश में सबसे अधिक बेरोजगारी है। प्रतियोगिता परीक्षा के पेपर बेचकर युवाओं के रोजगार के सपने तोड़े जा रहे हैं। जनता के पैसे को लूटा जा रहा है। सरकारी कार्यालयों में करोड़ों रुपए और सोने की सिल्लियां मिल रही है। यह मुख्यमंत्री की जादूगरी नहीं तो क्या है।

जनता आपके धोखे को बखूबी समझती है

उन्होंने कहा कि डूंगरपुर के सरकारी विद्यालय में हैडमास्टर के द्वारा छात्राओं का दुष्कर्म जैसी घृणित घटनाएं प्रदेश में हो रही है, तो इसको क्यों नहीं रोका आपने। भरतपुर जिले की नदबई में सरकार के विधायक और पुलिस लोगों को सरेआम लाठियों से पीटने वाले आरोपियों को बचा रहे हैं। प्रदेश में चारों तरफ अराजकता का माहौल है। गहलोत सिर्फ छलिया जादूगर हैं, जो प्रदेश की जनता को छल रहे हैं, लेकिन जनता समझदार है। वह आपके धोखे को बखूबी समझती है। आप कितना ही प्रयास कर लीजिए दिसंबर 2023 में आपकी सरकार का जाना तय है।

Published on:
05 Jun 2023 12:33 pm
Also Read
View All