18 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaipur Metro Phase-2: जयपुर मेट्रो फेज-2 के लिए 13037.66 करोड़ रुपए मंजूर, 41KM के नए कॉरिडोर में बनेंगे 36 स्टेशन

Jaipur Metro Phase-2 Update : जयपुर में सार्वजनिक परिवहन को नई रफ्तार मिलने जा रही है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) ने जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना के लिए 13,037.66 करोड़ रुपए की औपचारिक स्वीकृति जारी कर दी है।

2 min read
Google source verification
Navi Mumbai Metro update

नवी मुंबई मेट्रो अपडेट (पत्रिका फाइल फोटो)

Jaipur Metro Phase-2 Update : जयपुर में सार्वजनिक परिवहन को नई रफ्तार मिलने जा रही है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) ने जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना के लिए 13,037.66 करोड़ रुपए की औपचारिक स्वीकृति जारी कर दी है। करीब 41 किलोमीटर लंबे इस उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर पर प्रहलादपुरा से टोडी मोड़ तक कुल 36 स्टेशन विकसित किए जाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 8 अप्रेल को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल बैठक में इस परियोजना को मंजूरी मिली थी। इसके महज 20 दिन के भीतर स्वीकृति आदेश जारी होना परियोजना के त्वरित क्रियान्वयन की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रयासों से इस महत्वाकांक्षी योजना को गति मिली है।

पहले चरण के लिए जल्द कार्यादेश

केंद्रीय मंत्रिमंडल से फेज-2 को मंजूरी मिलने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर मेट्रो रेल परियोजना की एक उच्च स्तरीय बैठक में इसके त्वरित क्रियान्वयन के लिए RMRCL को शीघ्रता से आगे बढ़ने के निर्देश दिए थे। इसकी अनुपालना में परियोजना के प्रथम पैकेज में प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गौशाला तक के 12 किलोमीटर के कॉरिडोर के लिए कार्यादेश अतिशीघ्र जारी करने की तैयारी है । परियोजना के शेष पैकेज के लिए निविदाएं आगामी दिनों में जारी करने की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।

50 फीसदी इक्विटी देगी केंद्र सरकार

मेट्रो रेल नीति 2017 के तहत इस परियोजना में केंद्र और राज्य सरकार की 50-50 फीसदी हिस्सेदारी रहेगी। इससे राज्य सरकार पर वित्तीय भार कम होगा। इस परियोजना का क्रियान्वयन राजस्थान मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (RMRCL) द्वारा किया जाएगा और वर्ष 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अभी मेट्रो में प्रतिदिन 60 हजार यात्री सफर करते हैं। फेज-2 के शुरू होने पर यह संख्या 30 लाख से अधिक हो जाएगी। प्रस्तावित 36 स्टेशन में से 34 एलीवेटेड और 2 अंडरग्राउंड है ।

बदलेगी जयपुर की ट्रैफिक तस्वीर

जयपुर मेट्रो फेज-2 के शुरू होने से शहर में यातायात दबाव कम होने के साथ ही लोगों को तेज, सुरक्षित और सुगम सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी । यह परियोजना ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित राजस्थान’ के विजन को जमीन पर उतारने में अहम भूमिका निभाएगी ।