9 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaipur Metro Phase-2 : केंद्र सरकार ने जयपुर मेट्रो फेज-2 के लिए ₹13038 करोड़ किए मंजूर, अब जनता को मिलेगी बड़ी राहत

Jaipur Metro Phase-2 : जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल गई है। 13,038 करोड़ रुपए से जयपुर मेट्रो फेज-2 बनेगा। केन्द्र और राजस्थान की 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। फेज-2 41 किलोमीटर रूट को कवर करेगा। इसमें 36 मेट्रो स्टेशन बनेंगे, जिनमें 34 एलिवेटेड और 2 अंडरग्राउंड होंगे।

3 min read
Google source verification
Modi Government Approves ₹13,038 Crore for Jaipur Metro Phase-2 Major Relief for Public
Play video

फाइल फोटो पत्रिका

Jaipur Metro Phase-2 : जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को दिल्ली में केन्द्रीय कैबिनेट की बैठक में इस परियोजना को स्वीकृति दी गई। यह परियोजना प्रहलादपुरा से टोड़ी मोड़ तक 41 किमी लंबे उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर पर विकसित होगी। इस पर 13,038 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसे सितंबर 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना का काम राजस्थान मेट्रो रेल निगम लिमिटेड करेगा। इसमें 50 फीसदी पैसा केन्द्र सरकार और 50 फीसदी पैसा राज्य सरकार वहन करेगी। अभी मेट्रो में प्रतिदिन 60 हजार यात्री सफर करते हैं। फेज-2 के शुरू होने पर यह संख्या 30 लाख से अधिक हो जाएगी। प्रस्तावित 36 स्टेशन में से 34 एलीवेटेड और 2 अंडरग्राउंड है।

ये क्षेत्र जुड़ेंगे, आवागमन बढ़ेगा

प्रहलादपुरा से टोड़ी मोड़ तक बनने वाले इस कॉरिडोर में सीतापुर, दुर्गापुर, गांधीनगर, रामबाग सर्किल, एसएमएस अस्पताल, खासा कोठी, अंबाबाड़ी और विद्याधर नगर जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं। इसके बाद जयपुर का पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम नहीं ऊंचाइयों पर पहुंचेगा और शहर स्मार्ट मोबिलिटी की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाएगा।

तीन चरण में पांच साल में तैयार होगा

यह परियोजना 2055 तक सड़कों से करीब 2.4 लाख वाहनों को कम करेगी। इस परियोजना के साढ़े पांच साल में पूरा होने की उम्मीद जताई गई है। इस परियोजना के मंजूर होने के साथ ही देश मे कुल मेट्रो लाइन 1145 किलोमीटर हो गई है। सबसे पहले प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गौशाला तक रूट तैयार होगा।

एयरपोर्ट से वीकेआइ तक कनेक्टिविटी

मेट्रो फेज-2 के जरिए शहर के प्रमुख संस्थान सीधे जुड़ जाएंगे। एसएमएस अस्पताल, कलेक्ट्रेट कोर्ट, सचिवालय, जयपुर एयरपोर्ट, नगर निगम, और जेडीए तक आमजन की पहुंच आसान हो जाएगी। इससे मरीजों, कर्मचारियों, रोजाना आवागमन करने वालों को बड़ा फायदा मिलेगा।

फैक्ट फाइल….

1- 41 किलोमीटर लंबा रूट होगा प्रहलादपुरा से टोड़ी मोड़ तक।
2- 36 स्टेशन बनेंगे।
3- 34 स्टेशन एलीवेटेड और 2 अंडरग्राउंड।
4- 13,038 करोड़ रुपए होंगे खर्च।
5- सितंबर 2031 तक परियोजना होगी पूरी।

जेएमआरसी के एमडी वैभव गालरिया से बातचीत

सवाल : कैबिनेट की मंजूरी मिल चुकी है अब आगे कैसे काम होगा?
जवाब : फेज 2 के पैकेज वन (करीब 11 किमी) का वर्क आर्डर दिया है। केंद्र से ऑर्डर निकलने पर काम शुरू कर देंगे। बाकी हिस्सा तीन पैकेज में पूरा करेंगे इसके लिए अगले डेढ़ महीने में सभी टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा।
सवाल : पैसा कहां से आएगा?
जवाब : वित्त मंत्रालय की अनुमति से एशियन डेवलपमेंट बैंक से 6500 करोड रुपए का लोन लिया जा रहा है।

1,145 किलोमीटर हुई मेट्रो लाइन

जयपुर मेट्रो फेज 2 के 5 साल में पूरा होने की उम्मीद है। इससे पहले फेस-1 में 60000 यात्री सफर कर रहे थे। इस परियोजना के मंजूर होने के साथ ही देश में कुल मेट्रो लाइन 1,145 किलोमीटर हो गई है
अश्विनी वैष्णव रेल मंत्री

जीवनयापन में आएगी सुगमता - पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर जयपुर मेट्रो फेज-2 की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा है कि जयपुर के शहरी बुनियादी ढांचे में बड़ा सुधार होने जा रहा है। जयपुर मेट्रो फेज-2 को कैबिनेट की मंजूरी मिलना सतत शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे कनेक्टिविटी बढ़ेगी, प्रमुख मार्गों पर भीड़भाड़ कम होगी और जीवनयापन में सुगमता आएगी।

विकास की नई दिशा मिलेगी

जयपुर मेट्रो फेज-2 सीतापुरा से लेकर वीकेआइए तक के औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों को जोड़ते हुए जयपुर की जीवनरेखा के रूप में कार्य करेगा। इससे जयपुर के शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी तथा आमजन को सुरक्षित एवं सुगम परिवहन सुविधा भी उपलब्ध होगी।
भजनलाल शर्मा, मुख्यमंत्री

21 अप्रेल को शिलान्यास संभावना

यदि सभी प्रक्रियाएं तय समय में पूरी हो जाती हैं तो 21 अप्रेल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में जयपुर मेट्रो फेज 2 के शिलान्यास की संभावना है।
झाबर सिंह खर्रा, नगरीय विकास मंत्री