जयपुर

राजस्थान BJP का बड़ा दांव, पंचायत चुनाव के लिए ‘संकल्प पत्र’ जारी, सीएम भजनलाल ने किए कई मनलुभावन वादे

राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 से पहले बीजेपी ने ग्राम विकास संकल्प पत्र जारी किया। सीएम भजनलाल शर्मा ने गांवों से पलायन रोकने, अटल ज्ञान केंद्र और खेल मैदानों समेत कई बड़े वादे किए हैं।
3 min read
• •
Oct 11, 2026
bjp gram vikas sankalp patra rajasthan panchayat elections 2026
संकल्प पत्र जारी करते सीएम भजनलाल

राजस्थान में आगामी त्रिस्तरीय पंचायती राज चुनाव 2026 की सरगर्मियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने ग्रामीण विकास और किसानों तथा युवाओं के कल्याण पर केंद्रित अपना आधिकारिक चुनावी घोषणा पत्र 'ग्राम विकास संकल्प पत्र' जारी कर दिया है। जयपुर स्थित पार्टी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, सह-प्रभारी कविता पाटीदार, कुलजीत सिंह चहल और संगठन महामंत्री ने संयुक्त रूप से इस संकल्प पत्र का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का मुख्य उद्देश्य गांवों का सर्वांगीण विकास कर वहां से शहरों की ओर होने वाले पलायन को रोकना है।


यहां देखें 'ग्राम विकास संकल्प पत्र' का पूरा ब्यौरा

गांवों में ही मिलेंगी शहर जैसी सुविधाएं, नहीं करना पड़ेगा पलायन

संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पिछले 30-40 सालों में लोगों ने बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए गांवों से शहरों की तरफ रुख किया है, जिससे शहरों पर आबादी का दबाव बढ़ा है। भाजपा सरकार अब ऐसी नीति पर काम कर रही है जिससे ग्रामीणों को इलाज और बुनियादी जरूरतों के लिए बार-बार शहर न जाना पड़े।

उन्होंने स्पष्ट किया कि हर ग्राम पंचायत में मूलभूत सुविधाओं जैसे- पक्की सड़कें, 24 घंटे बिजली, शुद्ध पेयजल और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था का विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा, राज्य सरकार का लक्ष्य गांवों में ही संपूर्ण विकास मॉडल तैयार करना है ताकि वहां के नागरिक अपने गृहनगर में ही सम्मानजनक जीवन बिता सकें।

युवाओं के लिए 'अटल ज्ञान केंद्र' और हर पंचायत में खेल मैदान

गांव के युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए संकल्प पत्र में विशेष प्रावधान किए गए हैं। सीएम भजनलाल शर्मा ने घोषणा की कि प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक भव्य खेल मैदान (Playground) विकसित किया जाएगा, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।

इसके साथ ही, गांवों में पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दूर न जाना पड़े, इसके लिए हर ग्राम पंचायत में 'अटल ज्ञान केंद्र' खोले जाएंगे। इन केंद्रों पर हाई-स्पीड इंटरनेट समेत तमाम डिजिटल और अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि युवा गांव में रहकर ही अपनी कोचिंग और ऑनलाइन पढ़ाई पूरी कर सकें।

जल परियोजनाओं पर जोर

किसानों और पशुपालकों के कल्याण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपालकों के लिए द्वार तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से मोबाइल वैन सेवा की शुरुआत की गई है। राजस्थान के लगभग 1 करोड़ से अधिक जरूरतमंदों को खाद्यान्न सुरक्षा योजना से जोड़ा गया है और बेघर लोगों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

पानी के संकट पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ईआरसीपी (ERCP) और यमुना जल समझौते जैसी ऐतिहासिक परियोजनाओं पर पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से काम शुरू हुआ है। 10 बड़ी सिंचाई परियोजनाओं में से 4 का सीधा लाभ राजस्थान के किसानों को मिलने जा रहा है। सीएम ने यह भी रेखांकित किया कि बीजेपी ने अपने विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र के लगभग 78 प्रतिशत वादों को रिकॉर्ड समय में पूरा कर दिखाया है, और यही पारदर्शिता पंचायत चुनावों में भी कायम रहेगी।

संकल्प पत्र की प्रमुख बड़ी घोषणाएं

  • हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान: ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए राज्य की प्रत्येक ग्राम पंचायत में सुविधायुक्त खेल मैदान विकसित किए जाएंगे।
  • अटल ज्ञान केंद्र की स्थापना: गांवों में युवाओं को इंटरनेट की उत्तम सुविधा देने के लिए ये केंद्र खुलेंगे, ताकि ग्रामीण युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग या पढ़ाई के लिए दूर शहरों में न भटकना पड़े।
  • किसान सम्मान निधि ₹12,000: मुख्यमंत्री ने एलान किया कि बीजेपी सरकार किसानों के कल्याण के लिए किसान सम्मान निधि को बढ़ाकर 12,000 रुपए करने जा रही है।
  • गांवों में चिकित्सा वैन: पशुपालकों की मदद और मवेशियों के इलाज के लिए विशेष 'पशु चिकित्सा वैन' सेवा का दायरा ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ाया जाएगा।
  • शहरी जैसी बुनियादी सुविधाएं: गांवों में ही शुद्ध हवा के साथ बेहतर चिकित्सा, उत्तम शिक्षा, पक्की सड़कें, 24 घंटे बिजली और स्वच्छ पेयजल (हर घर जल) जैसी मूलभूत सुविधाएं विकसित करने का खाका तैयार किया गया है।
  • बेघर लोगों को पक्के आवास: ऐसे ग्रामीण परिवार जिनके पास रहने के लिए अपना खुद का घर नहीं है, उन्हें सरकार पक्के आवास उपलब्ध कराएगी।

Updated on:
11 Oct 2026 03:44 pm
Published on:
11 Oct 2026 02:13 pm