
जयपुर। भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत सशक्त मंडल अभियान की शुरुआत शनिवार को होगी। भाजपा के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया की मौजूदगी में तोतूका भवन सभागार में सुबह 11 बजे 'सशक्त मंडल अभियान' कार्यशाला होगी। इसमे संगठन के सभी प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष, जिला अध्यक्ष और जिला प्रभारी के साथ ही विधानसभा स्तर पर लगाए जाने वाले विस्तारक,प्रवासी शामिल होंगे। कार्यशाला में विभिन्न सत्रों के दौरान अभियान को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए जाएंगे। इसके अलावा 8 अगस्त को प्रदेश भाजपा हेल्थ वॉलिंटियर कार्यशाला भी करेगी।
52009 बूथ पर होना है समितियों का गठन
संगठन ने अभियान के तहत लक्ष्य तय किया है कि 6 अप्रेल को पार्टी के स्थापना दिवस तक राजस्थान के सभी 52009 बूथों पर समितियों का गठन किया जाए। हर बूथ पर 21 सदस्यीय समिति का गठन होगा। इसी तरह से बूथ स्तर तक 10 लाख 92 हजार 189 समिति सदस्य होंगे।
प्रवासी-विस्तारकों को सौंपेंगे जिम्मेदारी
अभियान के तहत 15 अगस्त को प्रदेश के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में प्रवासी-विस्तारकों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। प्रदेश के पदाधिकारी या वरिष्ठ नेताओं को प्रवासी—विस्तारक बनाया जाएगा। ये सभी विधानसभा क्षेत्रों में मंडलों का कामकाज की निगरानी के साथ ही टीम गठन भी करवाएंगे। मंडल स्तर पर प्रवासी भेजे जाएंगे और अल्पकालीन विस्तारक बूथ स्तर पर जाएंगे। विस्तारकों को ही बूथ स्तर पर पन्ना प्रमुख के निर्माण और समितियों के गठन का जिम्मा सौंपा जाएगा।