10 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर कांग्रेस का तीखा हमला : ‘पीएम मोदी ने सनातन परंपरा को रौंद दिया’

राजस्थान सरकार में पूर्व में मंत्री और मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर पीएम मोदी पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा और अपूर्ण मंदिर के उद्घाटन को लेकर पीएम मोदी को घेरा। हरीश चौधरी ने कहा कि 'पीएम मोदी ने सारा श्रेय लेने के लिए सनातन परंपरा को रौंद दिया।'
2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Kamal Mishra

Jul 10, 2026

harish chaudhary

प्रेस वार्ता करते हरीश चौधरी (फोटो- @Barmer_Harish)

जयपुर। अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। राजस्थान के बायतू विधायक, पूर्व मंत्री और मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने इंदौर में आयोजित प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि राम मंदिर के उद्घाटन और प्राण प्रतिष्ठा समारोह को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में सनातन परंपराओं की अनदेखी की गई और राजनीतिक श्रेय लेने की होड़ में उनकी अवहेलना हुई।

हरीश चौधरी ने कहा कि सनातन परंपरा के अनुसार किसी भी मंदिर के शिलान्यास और प्राण प्रतिष्ठा जैसे धार्मिक आयोजनों में साधु-संतों की प्रमुख भूमिका होती है। उनका आरोप था कि अपूर्ण मंदिर में कार्यक्रम आयोजित कर और उसका पूरा श्रेय लेने की कोशिश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सनातन परंपरा को रौंद दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मंदिर का निर्माण पूरा नहीं हुआ था, तब प्राण प्रतिष्ठा का समय क्यों चुना गया। उनके अनुसार यह फैसला राजनीतिक लाभ और चुनावी रणनीति को ध्यान में रखकर लिया गया।

उद्घाटन समारोह के खर्च का भी उठाया मुद्दा

कांग्रेस नेता ने कहा कि देश के प्रमुख संतों और धार्मिक नेताओं की उपस्थिति में कार्यक्रम होना चाहिए था, लेकिन इसके बजाय पूरा आयोजन राजनीतिक व्यक्तित्वों के इर्द-गिर्द केंद्रित रहा। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि उद्घाटन समारोह में करीब आठ हजार अतिथियों को बुलाने और उस पर सैकड़ों करोड़ रुपए खर्च करने की आवश्यकता क्या थी।

जनता को लेखा-जोखा जानने का हक- हरीश चौधरी

हरीश चौधरी ने राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए चढ़ावे को लेकर भी जवाबदेही की मांग की। उन्होंने कहा कि चंदा और चढ़ावा दोनों अलग-अलग चीजें हैं। चढ़ावा श्रद्धालुओं की आस्था और भावना से जुड़ा होता है, इसलिए उसके उपयोग और लेखा-जोखा को सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं ने रामलला के चरणों में श्रद्धापूर्वक चढ़ावा अर्पित किया है, ऐसे में देश को यह जानने का अधिकार है कि उस धन का हिसाब-किताब क्या है।

हरीश चौधरी ने दी जानकारी

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित इस प्रेस वार्ता की जानकारी हरीश चौधरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा की। उन्होंने लिखा कि अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर उन्होंने कांग्रेस का पक्ष रखा।

चढ़ावा चोरी को लेकर राजनीति गरम

गौरतलब है कि अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के आरोपों को लेकर इन दिनों राजनीतिक बयानबाजी तेज है। कांग्रेस इस मुद्दे पर लगातार सरकार से जवाब मांग रही है, जबकि भाजपा की ओर से इन आरोपों पर अपना पक्ष रखा जा रहा है। राजनीतिक दलों के बीच इस मुद्दे को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।