10 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान में 1200 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर 4.15 लाख अभ्यर्थी देंगे Senior Teacher Exam, प्रशासन अलर्ट

RPSC Senior Teacher Exam: राजस्थान लोक सेवा आयोग की वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा-2025 का आयोजन 12 से 18 जुलाई तक होगा। जयपुर में 1200 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर करीब 4.15 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। पहली पारी में 9 बजे और दूसरी पारी में 2 बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा।
2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Arvind Rao

Jul 10, 2026

RPSC Senior Teacher Exam 2025

RPSC Senior Teacher Exam 2025 (Patrika File Photo)

जयपुर: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC), अजमेर द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा-2025 (माध्यमिक शिक्षा विभाग) का आयोजन जयपुर जिले में 12 जुलाई से 18 जुलाई, 2026 तक किया जाएगा। 14 विषयों के लिए विभिन्न पारियों में होने वाली इस परीक्षा में जयपुर के 1,200 से अधिक केंद्रों पर करीब 4.15 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट के निर्देशन में व्यापक कार्ययोजना तैयार कर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। परीक्षा के सफल संचालन के लिए अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर पूर्व) नरेंद्र कुमार वर्मा को जिला समन्वयक अधिकारी और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक चन्द्र शर्मा को जिला पुलिस नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) सुनील कुमार सिंघल एवं प्रधानाचार्य सुरेश अग्रवाल को सह-समन्वयक अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

समय का रखें विशेष ध्यान, देरी पर नहीं मिलेगा प्रवेश

प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्रों पर समय से काफी पहले पहुंचें। परीक्षा दो पारियों में आयोजित की जाएगी, जिसके लिए प्रवेश का समय इस प्रकार तय किया गया है।

प्रथम पारी: अभ्यर्थियों को सुबह 8:00 बजे तक केंद्र पर पहुंचना होगा। सुबह 9:00 बजे के बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

द्वितीय पारी: अभ्यर्थियों को दोपहर 1:00 बजे तक केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करना होगा। दोपहर 2:00 बजे के बाद प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।

जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित

परीक्षा से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण और निगरानी के लिए कलेक्ट्रेट परिसर के कक्ष संख्या 116 में एक जिला स्तरीय परीक्षा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह नियंत्रण कक्ष 10 और 11 जुलाई को सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक सक्रिय रहेगा। परीक्षा के दौरान यानी 12 से 18 जुलाई तक यह प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से परीक्षा समाप्ति तक कार्य करेगा।

अभ्यर्थी किसी भी समस्या या जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 0141-2206699 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध किया है कि वे अपने साथ मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र और प्रवेश पत्र अनिवार्य रूप से लाएं तथा आयोग द्वारा जारी गाइडलाइंस का पूरी तरह पालन करें।