जयपुर

जयपुर में BJYM का ‘शक्ति प्रदर्शन’, Congress के ‘गढ़’ पर भारी बवाल, जानें क्या है पूरा विवाद?

राजस्थान की राजधानी जयपुर में आज सियासी पारा उस वक्त चढ़ गया जब भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय (PCC) का जोरदार घेराव किया। यह प्रदर्शन हाल ही में दिल्ली के 'भारत मंडपम' में यूथ कांग्रेस द्वारा किए गए 'शर्टलेस' प्रदर्शन के विरोध में आयोजित किया गया था।
2 min read
Feb 21, 2026
Feature image

जयपुर के संसार चंद्र रोड पर भारतीय जनता युवा मोर्चा और पुलिस के बीच तीखी झड़प देखने को मिली। दरअसल, भाजपा युवा मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ता कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय का घेराव करने निकले थे। कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ नारे लिखे थे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इशारे पर यूथ कांग्रेस ने दिल्ली के 'AI इम्पैक्ट समिट' जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है।

क्यों भड़का है 'युवा मोर्चा' का गुस्सा?

दरअसल, शुक्रवार को दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे 'India AI Impact Summit 2026' के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने 'शर्टलेस' होकर पीएम मोदी के खिलाफ प्रदर्शन किया था।

  • भाजपा का तर्क: भाजपा का कहना है कि यह केवल राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के बढ़ते तकनीकी रसूख को नीचा दिखाने की 'साजिश' है।
  • नारेबाजी: जयपुर में प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने "राहुल गांधी माफी मांगो" और "देश को शर्मसार करना बंद करो" जैसे नारे लगाए।

क्या कहा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने?

भाजपा युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा अंतरराष्ट्रीय AI समिट के दौरान अलोकतांत्रिक विरोध के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय का घेराव किया गया है। उन्होंने कहा कि जब पूरा विश्व भारत की तकनीकी शक्ति, नवाचार और वैश्विक नेतृत्व को देख रहा है, तब इस प्रकार का आचरण न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि राष्ट्र की छवि को आघात पहुँचाने वाला है।

गोरा ने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा स्पष्ट करता है कि राष्ट्रविरोधी एवं विकास-विरोधी गतिविधियों को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। देश की प्रगति, सम्मान और वैश्विक प्रतिष्ठा की रक्षा हेतु भाजपा युवा मोर्चा, राजस्थान सदैव संघर्षशील रहेगा।

पुलिस के साथ तीखी भिड़ंत

BJYM कार्यकर्ता जैसे ही PCC मुख्यालय की ओर बढ़े, पुलिस ने उन्हें भारी बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया।कार्यकर्ताओं ने जब बैरिकेड्स लांघने की कोशिश की, तो पुलिस के साथ उनकी जबर्दस्त धक्का-मुक्की हुई। पुलिस की सख्ती के बावजूद कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध दर्ज कराया।

'एंटी-इंडिया' राजनीति का लगा आरोप

जयपुर में प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवा मोर्चा के नेताओं ने कहा कि कांग्रेस के लिए 'AI' का मतलब 'Anti-India' (भारत विरोधी) हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब दुनिया भारत की तकनीकी प्रगति की तारीफ कर रही है, तब कांग्रेस के 'शौर्य' (कार्यकर्ता) देश की गरिमा को तार-तार कर रहे हैं।

भारी पुलिस बल और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

तनाव को देखते हुए जयपुर पुलिस ने पीसीसी मुख्यालय के बाहर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। वज्र वाहन और वाटर कैनन को भी तैयार रखा गया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

Updated on:
21 Feb 2026 05:06 pm
Published on:
21 Feb 2026 05:06 pm