जयपुर

सीरियल में काम दिलाने का झांसा देकर युवती का सब कुछ लूटा, फिर बीच राह में छोडा

जयपुर में छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी युवती से धोखाधड़ी का मामला आया सामने
2 min read
• •
Updated: 10 Jul 2018, 7:10 PM IST
jaipur
सीरियल में काम दिलाने का झांसा देकर युवती का सब कुछ लूटा, फिर बीच राह में छोडा

जयपुर. सीरियल ऑडिशन का झांसा देकर छत्तीसगढ़ से युवती को जयपुर बुलाने और फिर उससे धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीडि़ता छत्तीसगढ़ रायपुर निवासी हेमपुष्पा दास मानिकपुरी ने जवाहर सर्किल थाना इलाके में जयपुर निवासी राहुल मिश्रा के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पीडि़ता ने बताया कि आरोपी युवक ने उससे न सिर्फ ऑडिशन की फीस वसूली बल्कि होटल का किराया छोड़ उसका मोबाइल फोन, जेवर और नकदी लेकर फरार हो गया।

मित्र के जरिए हुई पहचान
आरोपी राहुल से पीडि़ता की जान-पहचान उसकी मित्र पल्लवी के जरिए हुई थी। इस दौरान राहुल ने युवती को कई सीरियल के कास्टिंग डायरेक्टर से अपनी जान-पहचान होने का भरोसा दिलाया और ऑडिशन के बहाने जयपुर बुलाया। राहुल ने 20 जून को सीरियल के ऑडिशन के नाम पर उसे जयपुर बुलाया और सांगानेर स्थित एयरपोर्ट टर्मिनल 2 के पास स्थित एक होटल में ठहराया। जयपुर आने के बाद आरोपी ने युवती से ऑडिशन की फीस के नाम पर 15 हजार रुपए लिए। चार दिन तक आरोपी उसे ऑडिशन के लिए टालता रहा। युवती के कई बार सम्पर्क करने के बाद युवक 23 जून को सुबह होटल में उससे मिलने आया। आरोपी ने पीडि़ता से बात करने के लिए उसका मोबाइल फोन मांगा। पीडि़ता बाथरूम में नहाने गई थी, इसी दौरान आरोपी मोबाइल लेकर चला गया। पीडि़ता ने जब पर्स चेक किया तो उसमें से दो हजार रुपए और दो सोने की अंगूठियां भी गायब थी। होटल का भारी भरकम बिल भी पीडि़ता ने ही चुकाया।

मोबाइल चोरी में पकड़ा गया

थानाधिकारी अनूप सिंह ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध कई मामले दर्ज हैं। वह मालवीय नगर में किराए पर रहता था। मोबाइल चोरी के एक मामले में पुलिस उसे कोटा से पकड़ कर लाई है। आरोपी राहुल से छत्तीसगढ़ निवासी पीडि़ता के मामले में भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने संभावना जताई कि पूछताछ में उससे कई मामलों का खुलासा हो सकता है। जयपुर में पहले भी सीरियल व फिल्मों के ऑडिशन के नाम पर धोखाधड़ी के मामले सामने आ चुके हैं।

Published on: