
मगराहाट. मिड डे मील से अंडा हटाने को लेकर विवाद तथा फिर अंडा देने की सरकार की घोषणा के बीच दक्षिण 24 परगना जिले के मगराहाट-2 ब्लॉक की मोहनपुर ग्राम पंचायत स्थित जयन खान फ्री प्राइमरी स्कूल की पहली कक्षा की छात्रा खुशी ने अपने छोटे भाई के प्रति अटूट स्नेह दिखाया है। स्कूल के मध्याह्न भोजन में मिले एक अंडे को खुशी ने खुद खाने के बजाय अपने छोटे भाई के लिए जेब में छिपाकर घर लाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कई लोगों का ध्यान इस बच्ची की ओर गया और उसके स्नेह की व्यापक सराहना हुई।
टिन की छत वाले छोटे घर में रहने वाला खुशी का परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। पिता शंभु कर ई-रिक्शा (टोटो) चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि मां पल्लवी कर गृहिणी हैं। सीमित आय के बावजूद परिवार में आपसी स्नेह और अपनापन भरपूर है।
मां पल्लवी कर बताती हैं कि खुशी बचपन से ही अपने छोटे भाई से बेहद स्नेह करती है। उनके अनुसार, घर में कोई अच्छी चीज आने पर वह पहले अपने भाई को देती है और उसके बाद स्वयं खाती है। पिता शंभु कर ने बताया कि आर्थिक अभाव के कारण वे बेटी की पढ़ाई निजी विद्यालय में जारी नहीं रख सके। बाद में सरकारी विद्यालय के शिक्षकों ने उसका सहयोग किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का स्नेह और मार्गदर्शन उनके परिवार के लिए सबसे बड़ी ताकत है। खुशी की इस मानवीय भावना को सम्मानित करते हुए विद्यालय प्रशासन ने उसे सम्मानित किया। इस अवसर पर उसे नया स्कूल बैग, चित्रकला की कॉपी और अन्य शैक्षणिक सामग्री भेंट की गई। विद्यालय के सहायक शिक्षक सद्दाम हुसैन ने कहा कि यह सम्मान केवल एक छात्रा के लिए नहीं, बल्कि मानवीय मूल्यों के प्रति सम्मान का प्रतीक है।