4 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

सावन के पहले सोमवार पर नईनाथ धाम पर उमड़ा आस्था का सैलाब

जयपुर

image

Newsdesk

Aug 04, 2026

Rajasthan

बांसखोह. क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल नईनाथ धाम पर सावन माह के प्रथम सोमवार को आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। चारों ओर हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य से आच्छांदित पहाड़ियों के बीच सुहाने मौसम ने श्रद्धालुओं की आस्था को और अधिक उत्साह से भर दिया। सुबह से ही हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए नईनाथ धाम पहुंचने लगे। पूरे मंदिर परिसर और आसपास का वातावरण ''हर-हर महादेव'' एवं ''बम-बम भोले'' के जयघोष से गुंजायमान रहा।
प्रथम सोमवार पर कांवड़ यात्रियों की भी भारी भीड़ रही। श्रद्धालु गलताजी,नारायणी माता, हरिद्वार सहित विभिन्न तीर्थस्थलों से पवित्र जल लेकर पदयात्रा करते हुए नईनाथ धाम पहुंचे और भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। कई श्रद्धालु परिवार सहित दर्शन करने पहुंचे और भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की। मेले के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं की ओर से शरबत,लस्सी,शिकंजी,चाय,केले आदि की भी मनुहार की गई।
सावन मेले के चलते दिनभर मंदिर परिसर और मुख्य मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।
पार्किंग व्यवस्था बदहाल::::हालांकि पार्किंग व्यवस्था पूरी तरह सुव्यवस्थित नहीं होने के कारण कई बार मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम की स्थिति बन गई। यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को लगातार मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों को समझाइश कर यातायात को नियंत्रित किया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका। दिनभर दर्शन,पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का सिलसिला चलता रहा तथा नईनाथ धाम पूरी तरह शिवभक्ति और धार्मिक उल्लास के रंग में रंगा नजर आया।