
जयपुर. हवाई किराए में बढ़ोतरी और त्योहारों के दौरान ट्रेनों में कन्फर्म टिकट की मारामारी के बीच यात्रियों का रुझान बसों की ओर बढ़ रहा है। खासकर 200 से 500 किलोमीटर की दूरी के लिए बसें किफायती विकल्प बन रही है। जयपुर से भी राजस्थान के प्रमुख शहरों के अलावा दिल्ली, अहमदाबाद, चंडीगढ़, जम्मू और बिहार सहित कई राज्यों के लिए बसों का संचालन हो रहा है। ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म रेडबस की मई 2026 की इंडिया बस ट्रैक रिपोर्ट के अनुसार, देश में छह महीने में अंतरशहर बस यात्रियों की संख्या 24 फीसदी बढ़कर 14.719 करोड़ पहुंच गई। इस दौरान टिकटों का कुल कारोबार 14,216 करोड़ रुपए रहा और औसत टिकट 966 रुपए का रहा।
रिपोर्ट के अनुसार, गोवा, देहरादून, मंगलुरु, कोच्चि और सिलीगुड़ी जैसे पर्यटन स्थलों के लिए बस बुकिंग में 63 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। वहीं, तिरुपति, वाराणसी और ऋषिकेश जैसे धार्मिक स्थलों के लिए बुकिंग 43 फीसदी बढ़ी। जयपुर से उदयपुर, जोधपुर, कोटा और बीकानेर के बीच भी बस यात्रियों की मांग बढ़ रही है।
त्योहारी सीजन में मुंबई से जयपुर का सामान्य दिनों में 6 से 7 हजार रुपए रहने वाला हवाई किराया बढ़कर 15 से 25 हजार रुपए तक पहुंच गया। बेंगलूरु से जयपुर का किराया 28 हजार और पुणे से 20 हजार रुपए तक रहा। जयपुर-अहमदाबाद रूट पर भी किराया 7,280 से 8,179 रुपए तक पहुंच गया। कई रूटों पर जयपुर आने का किराया बाहर जाने के मुकाबले दो से चार गुना तक महंगा रहा।
रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली-हैदराबाद रूट पर बस यात्रियों की संख्या 68 फीसदी, मुंबई-कोलकाता में 51 फीसदी, दिल्ली-गोवा में 39 फीसदी और मुंबई-बेंगलूरु में 37 फीसदी बढ़ी। दशहरा के आसपास 25 दिनों में प्रमुख रूटों पर बस बुकिंग में 31.5 फीसदी की वृद्धि हुई। 35 रूटों पर यह बढ़ोतरी 50 फीसदी से अधिक रही।
त्योहारी सीजन में हवाई किरायों में भारी बढ़ोतरी भी यात्रियों के उत्साह को कम नहीं कर पाई। इस बार दिवाली पर सामान्य दिनों के मुकाबले हवाई टिकटों के दाम 3 से 4 गुना तक पहुंच गए, लेकिन जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों की आवाजाही पिछले साल के मुकाबले काफी बढ़ गई। एयरपोर्ट सूत्रों से मिले आंकड़ों के मुताबिक, 5 से 10 नवंबर के दौरान जयपुर एयरपोर्ट से 90 हजार से ज् यादा यात्रियों ने आवाजाही की। पिछले साल दिवाली के इसी सप्ताह में करीब 75 हजार यात्रियों ने हवाई सफर किया था। इस तरह इस बार करीब 15 हजार अधिक यात्रियों ने हवाई सफर किया।
एयरलाइंस के अनुसार, जयपुर से देश के प्रमुख महानगरों के लिए यात्रियों की संख्या में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलूरु और हैदराबाद के रूट पर सबसे ज यादा मांग रही। त्योहार पर घर लौटने वाले प्रवासियों, कारोबारियों और छुट्टियां बिताने के लिए घूमने निकले पर्यटकों के कारण इन रूटों पर उड़ानों की लगभग सभी सीटें भरी रहीं। अंतिम समय में टिकटों के दाम आसमान पर पहुंचने के बावजूद यात्रियों ने महंगी टिकटें खरीदकर सफर किया।'
एविएशन जानकारों के मुताबिक, अक्टूबर के अंतिम रविवार से लागू हुए नए विंटर शेड्यूल के कारण जयपुर से उड़ानों की संख्या में इजाफा हुआ है। वहीं, वैश्विक स्तर पर विमानों की कमी और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की बढ़ती कीमतों के चलते एयरलाइंस ने किराए ऊंचे रखे। इसके बावजूद त्योहारी सीजन में यात्रियों की मजबूत मांग के चलते जयपुर एयरपोर्ट पर अधिकांश उड़ानों का लोड फैक्टर 90 से 100 फीसदी के बीच रहा। यात्रियों की यह आवाजाही बताती है कि त्योहारों पर समय बचाने और जरूरी सफर के लिए लोग महंगे हवाई किराए चुकाने से भी पीछे नहीं हटे।