11 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jaipur Murder: राजधानी में हिस्ट्रीशीटर की सड़क पर दौड़ाकर हत्या, वारदात का वीडियो आया सामने

Jaipur History Sheeter Murder: राजधानी जयपुर में पुरानी रंजिश के चलते हिस्ट्रीशीटर विजय बाज्या की सरेराह हत्या का मामला सामने आया है। कालवाड़ रोड के रावण गेट इलाके में दो गाड़ियों में सवार होकर आए बदमाशों ने विजय बाज्या को पहले कैम्पर से टक्कर मारकर रोका। जान बचाने के लिए कार से उतरकर भागा तो हमलावरों ने पीछा कर हत्या कर दी।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Kamal Mishra

•

Updated: 11 Nov 2026, 10:55 PM IST

jaipur murder

Jaipur: राजधानी में हिस्ट्रीशीटर की हत्या (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। कालवाड़ रोड स्थित रावण गेट क्षेत्र बुधवार रात गैंगवार के कारण अचानक दहल उठा। बदमाशों ने सरेराह जोबनेर थाने के हिस्ट्रीशीटर विजय बाज्या (25) की हत्या कर दी। दो गाड़ियों में सवार होकर आए बदमाशों ने पहले कैम्पर जीप से विजय की कार को टक्कर मारकर रोका। जान बचाने के लिए विजय कार से उतरकर भागा तो हमलावरों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल विजय को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर करीब सवा मिनट तक सड़क पर बेखौफ होकर वार करते रहे। आसपास के लोग उन्हें चिल्लाकर रोकने का प्रयास करते रहे, लेकिन बदमाशों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। वारदात के बाद आरोपी दोनों वाहनों में सवार होकर फरार हो गए। सरेराह हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बनाया वारदात का वीडियो

स्थानीय लोगों ने वारदात का वीडियो भी बनाया। इसमें विजय अपनी कार से कालवाड़ रोड की तरफ जाता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान कैम्पर सवार बदमाश उसका पीछा करने लगे। विजय ने बचने के लिए रावण गेट की तरफ कार दौड़ाई, लेकिन बदमाशों ने कैम्पर से उसकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद विजय कार से उतरकर भागा तो हमलावरों ने पीछा कर कुछ दूरी पर उसे घेर लिया और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

सूचना मिलते ही करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल विजय को तत्काल कांवटिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। विजय तिबारियां, थाना जोबनेर का रहने वाला था। उसके खिलाफ हत्या सहित सात आपराधिक प्रकरण दर्ज होना बताया जाता है। वह जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था।

पुलिस 2019 की हत्या से जोड़ रही तार

प्रारंभिक जांच में पुलिस को हत्या के पीछे पुरानी रंजिश होने की आशंका है। पुलिस के अनुसार, विजय पर वर्ष 2019 में तिबारियां निवासी कैलाश की हत्या में शामिल होने का आरोप था। इस मामले में वह जेल भी गया था। पुलिस को आशंका है कि इसी रंजिश के चलते उसकी हत्या की गई। हमलावरों के तिबारियां और आसपास के क्षेत्र के होने की आशंका भी जताई जा रही है।

नाकाबंदी कराई, रात तक हाथ नहीं आए आरोपी

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। हमलावरों की गाड़ियों और हुलिए के आधार पर शहरभर में नाकाबंदी कराई गई। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी रहीं, लेकिन देर रात तक कोई आरोपी पकड़ा नहीं जा सका।

'हिस्ट्रीशीटर विजय पर वर्ष 2019 में एक हत्या का मामला दर्ज हुआ था। उसी हत्या की रंजिश के चलते विजय की हत्या किए जाने की आशंका है। हमलावरों को पकड़ने के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें लगाई गई हैं।' -डॉ. रामेश्वर सिंह, एडिशनल पुलिस कमिश्नर