जयपुर

सिलेंडर पर रोक के बाद अब इंडक्शन चूल्हों की किल्लत शुरू… पुराना खत्म, नया स्टॉक नहीं आ रहा

जयपुर. व्यावसायिक गैस सिलेंडर पर रोक व घरेलू सिलेंडर नहीं मिलने से अब हालात बिगड़ने लगे हैं। सिलेंडर के बाद बाजार में इंडक्शन चूल्हों की भी किल्लत शुरू हो गई है। अचानक बढ़ी चूल्हों की डिमांड से पुराना स्टॉक खत्म हो गया है। बाजार में डिमांड की तुलना में नए इंडक्शन चूल्हे नहीं आ रहे […]

2 min read
Mar 13, 2026

जयपुर. व्यावसायिक गैस सिलेंडर पर रोक व घरेलू सिलेंडर नहीं मिलने से अब हालात बिगड़ने लगे हैं। सिलेंडर के बाद बाजार में इंडक्शन चूल्हों की भी किल्लत शुरू हो गई है। अचानक बढ़ी चूल्हों की डिमांड से पुराना स्टॉक खत्म हो गया है। बाजार में डिमांड की तुलना में नए इंडक्शन चूल्हे नहीं आ रहे हैं। जिन प्रतिष्ठानों पर ये चूल्हे मिल रहे हैं, वे मुंह मांगे दाम वसूल रहे हैं।

बाजार में इंडक्शन चूल्हों के नए ऑर्डर भी खूब आ रहे हैं, लेकिन चूल्हे नहीं मिल रहे। इससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है। 3300 किलोवॉट का चूल्हा होटल व शादी-ब्याह के काम आता है, जो अब बाजार में उपलब्ध नहीं है। वहीं घरों में काम आने वाला 1800 किलोवॉट का चूल्हा भी कुछ दुकानों पर ही बचा हुआ है। ये चूल्हे जहां पहले दिन में 3 से 4 पीस बिकते थे, वहीं दो दिन में 1600 पीस बिक गए।

कोयले की भी बढ़ी मांग

बाजार में कोयले की मांग भी बढ़ गई है। होटल, रेस्टोरेंट से लेकर घरों में रसोई का काम सिगड़ी व कोयले की भट्टी पर होने लगा है। इससे बाजार में कोयले की मांग भी अचानक बढ़ गई है। लकड़ियों की खरीदारी शुरू हो गई है। शहर में चाय की थड़ी, मिठाई की दुकानों और ढाबों पर व्यावसायिक की जगह घरेलू सिलेंडर का उपयोग करने लगे हैं।

नया माल नहीं आ रहा
इंडक्शन चूल्हों की बिक्री पिछले तीन दिन में 70 प्रतिशत बढ़ गई है। इससे बड़ी दुकानों पर पुराना स्टॉक खत्म गया है। डिमांड के मुकाबले नया माल नहीं आ रहा है, जिससे इन चूल्हों की भी किल्लत शुरू हो गई है।
- सचिन गुप्ता, प्रदेशाध्यक्ष, फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ऑफ इंडिया

बाजार में इंडक्शन चूल्हे बहुत कम बचे हैं, नए चूल्हे अब नहीं आ रहे हैं। पिछले तीन दिन में ही अचानक से इनकी बिक्री बढ़ी है।
- सुरेन्द्र कुमार गुप्ता, अध्यक्ष राजस्थान व्यापार महासंघ

सिलेंडर नहीं मिलने से परेशानी हो गई है। होटल-रेस्टारेंट के खाने के मेन्यू में कटौती कर दी गई है। अगर अगले 5 से 7 दिन में गैस की सप्लाई शुरू नहीं हुई तो स्थिति बिगड़ जाएगी।
- तरुण बंसल, अध्यक्ष, होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान

Published on:
13 Mar 2026 12:03 pm
Also Read
View All

अगली खबर