13 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jaipur Crime: खिड़की तोड़कर मकान में घुसे चोर, हार्ट सर्जरी के लिए रखे 4.63 लाख रुपए और आभूषण चुरा ले गए

जयपुर जिले की ग्राम पंचायत आष्टी कलां में चोर मकान के पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और बक्से व पेटी में रखे 4 लाख 63 हजार रुपए नकद और अलग से रखे 30 हजार रुपए चोरी कर लिए।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Santosh Trivedi

•

Updated: 13 Nov 2026, 11:27 AM IST

jaipur theft

जयपुर जिले के आष्टी कला में लाखों रुपए की हुई चोरी. Photo- Patrika

जयपुर/हस्तेड़ा। ग्राम पंचायत आष्टी कलां में भोमियाजी महाराज और पंचमुखी हनुमान मंदिर के पुजारी के मकान में चोरों ने सेंधमारी की। चोर मकान के पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और बक्से व पेटी में रखे 4 लाख 63 हजार रुपए नकद और अलग से रखे 30 हजार रुपए चोरी कर लिए। साथ ही परिवार की चार महिलाओं के आभूषण भी चुरा ले गए। नकदी पीड़ित ने अपनी हार्ट सर्जरी के लिए जोड़कर रखी थी, जबकि आभूषण दीपावली पर पहनने के लिए बैंक से निकालकर लाए गए थे।चोरी का पता सुबह करीब चार बजे चला, जब महिलाएं पशुओं का दूध निकालने के लिए उठीं।

दूध निकालने के बाद रोज की तरह बिस्तर रखने के लिए कमरे का दरवाजा खोलते ही सामने की खिड़की टूटी दिखाई दी। पुजारी श्रवण कुमार केसवा पुत्र हनुमान सहाय यादव ने बताया कि महिलाओं टूटी खिड़की देखकर आवाज लगाकर शोर मचाया। शोर सुनकर परिजन अंदर पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा था और खिड़की व बड़ा बक्सा टूटा मिला। यह देखकर सबके होश उड़ गए।

इधर, सूचना पर हस्तेड़ा चौकी प्रभारी जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। इस दौरान एकत्र हुए लोगों ने पुलिस से चोरी गए सामान व नकदी बरामद करने और चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की। इस दौरान समाजसेवी शंकर लाल मेला, मदन सिंह, बाबूलाल केसवा, कानाराम यादव, शिशपाल, बनवारी रेडर, शिशपाल बुनकर, बिर्दीचंद कुमावत, रामधन मेला, गोपाल जडवाल, मदन जडवाल, रामकुमार कुमावत सहित ग्रामीण मौजूद रहे।

जाली काटकर घुसे चोर

पीडि़त ने बताया कि चोर मंगलपुरी आश्रम से हस्तेड़ा पेट्रोल पंप तक की ग्रेवल सड़क की ओर से खेत में लगी लोहे की जाली काटकर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने मकान के पीछे लगी लोहे की जाली भी काटी। चोरों ने पहले सीमेंट की जाली तोड़ने की कोशिश की, लेकिन अंदर किसी के सोया होने का अहसास होने पर उसे छोड़कर दूसरी दिशा की खिड़की तोड़ी और कमरे में घुस गए। कमरे में रखे बड़े बक्से को तोड़कर उसमें रखे 4.63 लाख रुपए और आभूषण निकाले गए। इसके बाद चोर एक पेटी को टूटी खिड़की से बाहर निकालकर मकान से करीब 300 मीटर दूर ले गए। वहां कुंदा उखाड़कर पेटी में रखे 30 हजार रुपए और आभूषण निकालकर ले गए।

हार्ट सर्जरी के लिए रखे थे रुपए

उन्होंने बताया कि आभूषण दीपावली पर पहनने के लिए बैंक से निकालकर लाए थे और शुक्रवार को वापस जमा कराने वाले थे। वहीं नकदी श्रवण कुमार की हार्ट सर्जरी के लिए रखी गई थी। उपचार के लिए जोड़ी गई रकम चोरी होने से परिवार सदमे में है।ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि वारदातों को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।

इनका कहना है

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों का सुराग लगाकर जल्द कार्रवाई की जा सके।

  • विनोद सांखला, थानाधिकारी, गोविंदगढ़