जयपुर

Jaipur Crime: ‘टोपीवाला चोर’ निकला म्यांमार का रिफ्यूजी, UNHCR कार्ड पर रह रहा आरोपी, 6 चोरी कबूलीं

Jaipur Theft Gang Busted: जयपुर के वैशाली नगर इलाके में कई निर्माणाधीन मकानों एवं कार्यालयों से महंगे कॉपर वायर व बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। खुलासे में पता चला कि चोरी का मुख्य आरोपी मूल रूप से म्यांमार का निवासी है और यहां रिफ्यूजी कार्ड (UNHCR) पर रह रहा था।
2 min read
Apr 30, 2026
कॉपर वायर चोरी केस में 4 आरोपी अरेस्ट, पत्रिका फोटो
कॉपर वायर चोरी केस में 4 आरोपी अरेस्ट, पत्रिका फोटो

Jaipur Theft Gang Busted: जयपुर के वैशाली नगर इलाके में कई निर्माणाधीन मकानों एवं कार्यालयों से महंगे कॉपर वायर व बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। खुलासे में पता चला कि चोरी का मुख्य आरोपी मूल रूप से म्यांमार का निवासी है और यहां रिफ्यूजी कार्ड (UNHCR) पर रह रहा था।
मामले में कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें चोरी का माल खरीदने वाले भी शामिल हैं। मुख्य आरोपी ने पूछताछ में 6 वारदात करना स्वीकार किया है।

कबाड़ ​बीनने के बहाने रैकी

वैशाली नगर थानाधिकारी आरती सिंह तंवर ने बताया कि गिरोह का एक सदस्य शहर की गलियों में कबाड़ बीनने और फेरी लगाने के बहाने सूने व निर्माणाधीन मकानों की रैकी कर उन्हें 'मार्क' करता था। इसके बाद मुख्य आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए टोपी पहनकर उन मकानों में घुसता और एसी की फिटिंग व बिजली के तार काटकर ले जाता था। चोरी के इन तारों को वह अन्य कबाड़ियों को बेच देता था। चोरी के संबंध में सत्यप्रकाश शर्मा, सचिन गर्ग, मनीष कुमार शर्मा, गोपाल राम, ज्ञानचंद विजय और कैलाशदान ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।

टोपी से भी छिप नहीं सकी पहचान

वारदात के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने टोपी वाले पर फोकस किया। उसकी रूट ट्रैकिंग की और अन्य आरोपियों को भी ट्रेस कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बड़ी मात्रा में कटे हुए और जले हुए तांबे के तार बरामद किए हैं। गिरोह के खुलासे में कांस्टेबल दीपचंद और हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र कुमार की अहम भूमिका रही।

ये आरोपी गिरफ्तार

डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया कि मुख्य आरोपी अबुबकर सिद्दीकी उर्फ इमरान मूलतः म्यांमार का निवासी है, जो यहां सोडाला स्थित पंचवटी कॉलोनी में किराये पर रह रहा था। अन्य आरोपियों में मूलतः उत्तर प्रदेश, हाल नारायणपुरी गली नंबर 3 हसनपुरा निवासी खालिद खान, नारायणपुरी गली नंबर 2 निवासी चांदमियां और मेहनत नगर खातीपुरा निवासी रईस खान को गिरफ्तार किया गया है।

निर्माणाधीन सूने मकानों को बनाते निशाना

आरोपी निर्माणाधीन मकानों को निशाना बनाते थे और दिन में कबाड़ इकठ्ठा करने के बहाने रेकी कर कॉपर वायर चोरी की योजना बनाते थे। कुछ निर्माणाधीन मकानों में चौकीदार तैनात होने पर उससे सांठगांठ करने की कोशिश करते थे। कबाड़ चुनने की आड़ में उन पर कोई शक नहीं होने से चोरी की वारदात को आसानी से अंजाम देते थे।

Updated on:
30 Apr 2026 07:56 am
Published on:
30 Apr 2026 07:56 am