
सुनील सिंह सिसोदिया / जयपुर। देश में कारें अब 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से दौड़ सकेंगी। वहीं बसों के लिए गति सीमा अधिकतम 100 किमी प्रतिघंटा कर दी गई है। वहीं शहरी सीमा में कार 70 की स्पीड से चलाई जा सकेगी। देश में सड़कों की स्थिति में सुधार को देखते हुए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने अधिसूचना जारी कर गति सीमा तय कर दी है। हालांकि चौपहिया साइकिल व तिपहिया वाहन की गति सीमा में कमी की गई है।
परिवहन मंत्रालय ने इससे पहले 5 अगस्त 2014 को गति सीमा तय की थी। लेकिन उसमें सड़क व शहर के हिसाब से गति सीमा निर्धारित नहीं की गई थी। लेकिन अब तय की गई गति सीमा में नियंत्रित पहुंच वाले एक्सप्रेसवे, फोरलेन, शहर व अन्य सड़कों के लिए गति सीमा का निर्धारण अलग-अलग किया गया है।
कार की गति 100 से बढ़ाकर 120 और 9 सीटर कार व अन्य ज्यादा सवारी क्षमता के वाहन बस व अन्य की 80 से बढ़ाकर 100 किमी प्रतिघंटा गति सीमा की गई है। वहीं चौपहिया साइकिल की गति सीमा कम 70 से 60 और तिपहिया वाहन की 60 से 50 किमी प्रतिघंटा की गई है।
गति में 5 फीसदी की छूट...
अधिसूचना में कहा गया है कि वाहन की गति तय सीमा से अधिकतम 5 फीसदी के अंदर है तो मोटर यान अधिनियम की 1988 की धारा 183 के अधीन गति सीमाओं के अतिक्रमण का कोई संज्ञान नहीं लिया जाएगा।
यहां 120 से दौड़ेगी कार
देश में कार 120 किमी प्रतिघंटा की गति से नियंत्रित पहुंच वाले एक्सप्रेसवे पर ही दौड़ सकेगी। इस श्रेणी के देश में फिलहाल तीन एक्सप्रेसवे ही बताए जा रहे हैं। इनमें पूना-मुम्बई, अहमदाबाद-बड़ौदा और दिल्ली-गुडग़ांव शामिल हैं।
शहरों में बढ़ी कार की गति
अब तक शहरों में यातायात पुलिस की ओर से अपने स्तर पर ही गति सीमा तय की हुई थी। राजधानी जयपुर में ही कारों की गति सीमा 60 किमी प्रतिघंटा की तय की हुई है। लेकिन अब कार शहरों में भी 70 किमी प्रतिघंटा के रफ्तार से दौड़ सकेंगी।
जिला मजिस्ट्रेट को कमी का अधिकार
शहर व बाजार की स्थिति को देखते हुए तय हुई इस गति सीमा में जिला मजिस्ट्रेट जिला यातायात प्रबंधन समिति की बैठक में निर्णय कर कमी भी कर सकता है। इसके लिए उन्हें अलग से अधिसूचना जारी करनी होगी।
भारत में सड़कों पर किलोमीटर प्रतिघंटा अधिकतम गति...
| वाहन | नियंत्रित पहुंच वाले एक्सप्रेसवे | फोर लेन सड़क | नगर पालिका सीमा के अदंर | अन्य सड़कें |
| 9 सीटर कार चालक सहित | 120 | 100 | 70 | 70 |
| 9 सीट से ज्यादा की कार, जीप, बस | 100 | 90 | 60 | 60 |
| भारी वाहन ट्रक व अन्य | 80 | 80 | 60 | 60 |
| मोटर साइकिल | 80 | 80 | 60 | 60 |
| चौपहिया साइकिल | 60 | 50 | 50 | |
| तिपहिया वाहन | 50 | 50 | 50 |