11 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jaipur Crime: उधार में शराब नहीं दी तो सेल्समैन पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, CCTV में कैद हुई वारदात

Renwal Liquor Shop Incident: जयपुर के रेनवाल में उधार शराब देने से इनकार करने पर तीन बदमाशों ने सेल्समैन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे सेल्समैन का SMS अस्पताल में इलाज जारी है। वारदात CCTV में कैद हुई है और पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Harshita Saini

•

Updated: 11 Nov 2026, 9:06 AM IST

Renwal liquor shop incident

घायल सेल्समैन कैलाश सिंह (Photo-Patrika)

जयपुर (किशनगढ़-रेनवाल). जयपुर जिले के किशनगढ़-रेनवाल क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात सामने आई। रेनवाल के करड़ रोड स्थित शराब के गोदाम पर तीन बाइक सवार बदमाशों ने सेल्समैन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे सेल्समैन कैलाश सिंह को एसएमएस अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तीन बदमाश सेल्समैन पर पेट्रोल डालकर आग लगाते दिखाई दे रहे हैं।

कैलाश ने शराब उधार देने से किया था इनकार

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब एक बजे तीन युवक करड़ रोड स्थित शराब के गोदाम पर पहुंचे थे। तीनों ने सेल्समैन कैलाश सिंह से उधार में शराब मांगी, लेकिन कैलाश ने शराब देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर युवकों ने विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद तीनों युवक वहां से चले गए।

कुछ देर बाद तीनों आरोपी बाइक से दोबारा शराब के गोदाम पर पहुंचे। आरोप है कि गोदाम में घुसते ही उन्होंने कैलाश सिंह पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

गोदाम में भी लगाई आग, दो फ्रिज और शराब के कार्टन जले

सेल्समैन को आग लगाने के बाद बदमाशों ने शराब के ठेके में भी आग लगा दी। इस घटना में गोदाम में रखे दो फ्रिज और शराब के कई कार्टन जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। गंभीर रूप से झुलसे कैलाश सिंह को पहले रेनवाल उप जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका बर्न वार्ड में इलाज चल रहा है।

CCTV फुटेज से तीन संदिग्धों की पहचान

घटना की सूचना मिलने पर एएसपी नीरज पाठक, डीएसपी पन्नालाल जांगिड़ और एसएचओ राजेंद्र कुमार यादव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। एफएसएल टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें तीन बाइक सवार संदिग्ध वारदात को अंजाम देते नजर आए।

पुलिस ने फुटेज के आधार पर तीनों संदिग्धों को चिह्नित कर लिया है। एएसपी नीरज पाठक के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस की टीमें अलग-अलग संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे आपसी रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।