11 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

13 साल पहले बेटे की गवाही पर पिता को हुई थी उम्रकैद, अब राजस्थान हाईकोर्ट ने पलटा फैसला, पत्नी की हत्या का था आरोप

राजस्थान हाईकोर्ट ने पत्नी की हत्या के आरोप में 13 साल से जेल में बंद राजवीर को बरी कर दिया। 12 साल के बेटे की गवाही पर उसे उम्रकैद हुई थी, लेकिन पुलिस जांच में खामियों और मेडिकल साक्ष्यों में विरोधाभास के चलते कोर्ट ने रिहाई के आदेश दिए।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Harshita Saini

•

Updated: 11 Nov 2026, 10:00 AM IST

Rajasthan High Court Verdict

Ai Generated Image

जयपुर. पत्नी की मौत के मामले में हत्या के आरोप में जेल में बंद एक व्यक्ति को राजस्थान हाईकोर्ट ने करीब 13 साल बाद बरी कर दिया है। इस मामले में खास बात यह थी कि पिता के खिलाफ उसका 12 साल का बेटा चश्मदीद गवाह बना था। बेटे की गवाही के आधार पर निचली अदालत ने पिता राजवीर को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। हालांकि, लंबे समय बाद हाईकोर्ट में मामले की दोबारा सुनवाई हुई तो पुलिस जांच में कई खामियां सामने आईं। साथ ही, मेडिकल रिपोर्ट और अभियोजन पक्ष की कहानी में भी विरोधाभास मिला। इन तथ्यों को देखते हुए हाईकोर्ट ने राजवीर को बरी करने और उसकी रिहाई के आदेश दिए हैं।

यह फैसला न्यायाधीश महेंद्र कुमार गोयल और न्यायाधीश भुवन गोयल की खंडपीठ ने सुनाया। कोर्ट ने कहा कि अभियोजन पक्ष यह साबित नहीं कर पाया कि महिला की मौत हत्या के इरादे से हुई थी। ऐसे में केवल आरोपों और गवाही के आधार पर हत्या का अपराध साबित नहीं माना जा सकता।

ससुर ने दर्ज कराया था बहू की हत्या का मामला

मामले के अनुसार, 5 जुलाई 2013 को भरतपुर जिले के रूपवास स्थित कैंप रामनगर में मृतका के ससुर रामपाल ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में अपने बेटे राजवीर पर बहू की हत्या करने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और राजवीर को गिरफ्तार कर लिया। मुकदमे की सुनवाई के दौरान बेटे की गवाही को अहम माना गया और राजवीर को उम्रकैद की सजा हो गई। इसके बाद से वह जुलाई 2013 से जेल में बंद था।

बेटे के बयान में 10 दिन की देरी पर उठे सवाल

हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता अभिमन्यु सिंह सांदू ने जांच से जुड़ी कई कमियां उठाईं। उन्होंने बताया कि मामले के एकमात्र चश्मदीद बताए गए 12 साल के बेटे के बयान पुलिस ने घटना के करीब 10 दिन बाद दर्ज किए थे। पुलिस ने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि बयान दर्ज करने में इतनी देरी क्यों हुई।

इसके अलावा, वारदात में इस्तेमाल की गई बताई गई प्लास्टिक की रस्सी पुलिस ने जब्त तो की, लेकिन उसकी एफएसएल जांच नहीं कराई गई। वहीं, चिकित्सकीय साक्ष्य भी अभियोजन पक्ष की ओर से बताए गए घटनाक्रम से मेल नहीं खाते थे।

इन सभी तथ्यों और जांच में मिली कमियों को ध्यान में रखते हुए हाईकोर्ट ने राजवीर को बरी कर दिया। कोर्ट ने उसकी रिहाई के आदेश भी जारी किए हैं।