
नगर निगम एक ओर राष्ट्रभक्ति के नाम पर निगम में रोजाना सुबह शाम राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत की परंपरा चला रहा है वहीं दूसरी ओर से करीब पांच दशक से चली आ रही परंपरा को निगम भूला बैठा है। दरअसल हर साल 3 नवंबर को सवाई जयसिंह की जयंति पर स्टेच्यू सर्किल पर निगम की ओर से पुष्पांजलि और भजनों का आयोजन किया जाता है जिसमें महापौर,उपमहापौर के साथ शहर के आम लोग शामिल होते हैं। इस साल सवाई जयसिंह को केवल पुष्पांजलि अर्पित की गई और भजन आयोजन करवाना निगम भूल गया। इस पर जब महापौर से सवाल किया गया तो बोले कि स्टेच्यू सर्किल का मेंटिनेंस जेडीए करता है ऐसे में जेडीए को भी कुछ करना चाहिए।
आज जयपुर के संस्थापक सवाई जयसिंह की 330 वीं जयंती है। सवाई जयसिंह जिनके नाम पर जयपुर शहर बसाया गया लेकिन निगम ने जयपुर के संस्थापक के कार्यक्रम को एक औपचारिकता बना दिया है। निगम बीते करीब चार दशक से स्टेच्यू सर्किल पर जयसिंह जयंती पर पुष्पांजलि और भजनों का कार्यक्रम रखता है लेकिन इस साल निगम ने औपचारिक तौर पर पुष्पांजलि कार्यक्रम जरुर रखा लेकिन इसके बाद आयोजित होने वाले भजनों के कार्यक्रम को रखना भूल गया। ऐसे में अब निगम पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर निगम पुरानी परंपरा को भूलाकर नए परंपराओं को शुरू करने जा रहा है लेकिन हमारे शहर के संस्थापक को निगम भूलाने जा रहा है।
मेयर आयुक्त विवाद -
नगर निगम में एक बार फिर से मेयर और आयुक्त में विवाद शुरू हो गया है यहीं वजह है कि निगम आयुक्त राष्ट्रगान के कार्यक्रम में भी शामिल नहीं हुए और आज भी निगम आयुक्त नहीं पहुंचे। यहां तक तक की ज्यादातर उपायुक्त भी कार्यक्रम से दूर रहे।
नहीं पहुंचे जनप्रतिनधि -
जयपुर शहर सांसद रामचरण बोहरा,जयपुर शहर के दस विधायकों में से एक भी विधायक इस कार्यक्रम में नहीं पहुंचा और 91 पार्षदों में से आधा दर्जन पार्षद भी इसमें शामिल होने के लिए नहीं पहुंचे। इनका कहना है स्टेच्यू सर्किल की मेंटिनेंस जेडीए करता है इसकी सफाई सहित दूसरे इंतजाम भी जेडीए को करना चाहिए। निगम ने अपनी ओर से पुष्पांजलि अर्पित का कार्यक्रम रखा है।
--अशोक लाहोटी,महापौर