
देवगांव. बच्चों में किताबें पढ़ने की आदत विकसित करने और उनकी भाषा दक्षता को मजबूत करने के उद्देश्य से ब्लॉक के राजकीय विद्यालयों में ‘रीडिंग प्रमोशन कैंपेन-2026’ का शुभारंभ किया गया। ‘मिशन पढ़ो राजस्थान’ के तहत ‘पढ़ेगा राजस्थान, बढ़ेगा राजस्थान’ की थीम पर शुरू हुआ यह अभियान 16 जनवरी 2027 तक चलेगा। अभियान के दौरान कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए प्रतिदिन 7 वें कालांश में विशेष पठन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। बस्सी ब्लॉक की नवसृजित ग्राम पंचायत सांख के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रशासन ने पोस्टर और सूचना पत्रों के माध्यम से अभियान की रूपरेखा साझा की। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को जीवन में पुस्तकों के महत्व के बारे में जानकारी दी। विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों और स्थानीय ग्रामीणों से भी अपील की कि वे घर पर बच्चों को पढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराएं। इससे अभियान के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने में मदद मिलेगी।
कहानियां और बाल पत्रिकाएं भी पढ़ेंगे.....
प्रधानाचार्य अनुपम कालरा ने बताया कि कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए रोजाना 7वां कालांश विशेष पठन गतिविधियों के लिए निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों में नियमित रूप से पढ़ने की आदत विकसित करने के साथ उनकी पठन क्षमता में सुधार करना है। अभियान के तहत विद्यार्थियों को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखते हुए कहानियां, रोचक पुस्तकें, बाल पत्रिकाएं और समाचार पत्र पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इससे बच्चों में भाषा की समझ, अभिव्यक्ति क्षमता और सीखने की प्रवृत्ति विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
फोटो.... सांख में रीडिंग प्रमोशन अभियान में हिस्सा लेते विद्यार्थी।