
Hanuman Temple ATS Mockdrill : चौमूं। सामोद पर्वत स्थित श्रीवीर हनुमान मंदिर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दो आतंकवादियों के मंदिर में घुसकर महंत जगतगुरु देवाचार्य अवध बिहारी दास महाराज को गन की नोक पर बंधक बनाने की सूचना फैल गई। सूचना मिलते ही मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया
मामले की जानकारी मिलते ही एटीएस (एंटी टेररिस्ट स्क्वाड) की टीम पहाड़ी रास्ते से मंदिर तक पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी। एटीएस ने मंदिर परिसर को चारों ओर से घेर लिया और संदिग्ध आतंकियों की तलाश में ऑपरेशन चलाया। हालांकि कुछ देर बाद स्पष्ट हुआ कि यह वास्तविक घटना नहीं, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों द्वारा किया गया एक मॉकड्रिल अभ्यास था।
अचानक हुई इस कार्रवाई से मंदिर प्रशासन और श्रद्धालु पहले तो सकते में आ गए। मंदिर परिसर में भारी पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियों की मौजूदगी देखकर कई लोग स्थिति जानने के लिए मंदिर के आसपास एकत्र हो गए। बाद में अधिकारियों ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी को परखने के लिए की गई थी।
एटीएस कमांडर दिनेश कुमार ने बताया कि अभ्यास के तहत सूचना के आधार पर टीम ने मात्र 45 मिनट में मंदिर स्थित खोल तक पहुंच बनाई और 350 मीटर की पहाड़ी चढ़ाई को 40 मिनट में पार कर मंदिर के पीछे के रास्ते से परिसर में प्रवेश किया। इसके बाद टीम ने आतंकी मूवमेंट तलाश कर कार्रवाई शुरू की। पूरी कार्रवाई के बाद एटीएस टीम ने महंत जगतगुरु देवाचार्य को सुरक्षा उपायों की जानकारी दी और भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के तरीके बताए। महंत ने टीम का स्वागत कर जवानों का सम्मान किया।