
जयपुर। जयपुर में आशुतोष रांका पर हमले के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) चीफ अभिजीत दिपके ने राजस्थान सरकार और बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने घटना को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर राजस्थान में क्या हो रहा है? बता दें कि सीजेपी नेता आशुतोष रांका अपने समर्थकों के साथ शुक्रवार सुबह बगरू विधानसभा क्षेत्र के रामपुरा गांव में सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान ग्रामीणों ने हमला कर दिया और गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की। इस घटना के बाद चीफ अभिजीत दिपके बुरी तरह भड़क गए है।
कॉकरोच जनता पार्टी के चीफ अभिजीत दिपके ने आशुतोष रांका और उनके समर्थकों पर हुए हमले के तीन वीडियो एक्स पर अपलोड किए है। अभिजीत दिपके ने राजस्थान पुलिस को टैग करते हुए लिखा कि जब सरकारी स्कूलों का दौरा करने वाले सीजेपी वॉलंटियर्स पर लोग हमला करते हैं तो पुलिस मूकदर्शक बनी रहती है। हमला करने वाले लोगों को भैंसों के बाड़ों में चल रहे स्कूलों से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन CJP वॉलंटियर्स के उन स्कूलों में जाने से उन्हें परेशानी होती है। आखिर वे किस चीज़ की रक्षा करने की कोशिश कर रहे हैं?
अभिजीत दिपके ने कहा कि आशुतोष पर राजस्थान में बीजेपी के गुंडों ने हमला किया है। आशुतोष और सीजेपी समर्थकों के साथ मारपीट की गई, जिसमें वे घायल हुए हैं। राजस्थान में आख़िर हो क्या रहा है? बीजेपी के गुंडे आशुतोष और सीजेपी के दूसरे वॉलंटियर्स की जान के दुश्मन बने हुए हैं। राजस्थान पुलिस इस तरह के हमले की इजाज़त कैसे दे सकती है?
हमले के बाद आशुतोष रांका ने कहा कि हम रामपुरा-कंवरपुरा गांव के स्कूल का निरीक्षण करने गए थे। पिछले कई वर्षों से यह स्कूल भैंसों के बाड़े में संचालित हो रहा है। हमने पिछले साल भी निरीक्षण किया था और तब भी स्कूल भैंसों के बाड़े में ही चल रहा था। निरीक्षण स्थल तक पहुंचने से पहले ही उनके लोग, बीजेपी के गुंडे वहां मौजूद थे। हमारे समर्थकों के साथ मारपीट की गई। वहां सभी मीडिया कर्मी मौजूद थे। पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन उन्होंने मारपीट नहीं रोकी। गाड़ियों के शीशे तोड़े गए, मोबाइल फोन तोड़े गए, एक महिला के साथ मारपीट की गई, मेरी शर्ट फाड़ दी गई और हमारी टीम के एक सदस्य के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। उन्होंने हम पर पत्थरों से भी हमला किया।
आशुतोष रांका ने कहा कि हमारे एक वॉलेंटियर का हाथ टूटा है। फ्रैक्चर हुआ है। आज राजस्थान के लोकतंत्र में काला दिन है। भाजपा के गुंडे वहां पर मौजूद थे। पत्थरबाजी हुई है। सब कुछ पता होने के बावजूद राजस्थान पुलिस का एक पुलिसकर्मी वहां मौजूद नहीं था। मेरी शर्ट फाड़ी गई है। महिलाओं के साथ अभद्रता हुई है, उन्हें पुरुषों ने पीटा है, भाजपा के गुंडों ने पीटा है। यह मदन दिलावर के कहने पर हुआ है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को चेतावनी देते हुए कहा कि आपके पास 48 घंटे हैं। इन गुंडों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। आपको अपना आदेश वापस लेना होगा, वरना हम पूरे राजस्थान में राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेंगे। इस बार आंदोलन सिर्फ स्कूलों तक सीमित नहीं रहेगा। इस बार हम मदन दिलावर के इस्तीफे की मांग करेंगे।