जयपुर

राजधानी में बादलों की आवाजाही के साथ कोहरे का लगा पहरा, सूर्यदेव ने दिए दर्शन लेकिन सर्द हवा ने बढ़ाई गलन

बादल छंटते ही कोहरे का लगा पहरा—राजधानी के बाहरी इलाकों में छाया कोहरा, बीती रात सर्द हवा ने बढ़ाई गलन, ठिठुरते रहे लोग
2 min read
• •
Updated: 7 Dec 2017, 12:50 PM IST
 Clouds and Fog increse the cold in Jaipur Cold wind in Rajasthan Weather news

जयपुर। चक्रवाती तूफान ओखी सुस्त पड़ने के साथ ही प्रदेश में बादलों की आवाजाही अब थमने लगी है। छितराए बादलों की आवाजाही के साथ अब प्रदेश के पूर्वोत्तर इलाकों में कोहरे का पहरा शुरू हो गया है। ज्यादातर इलाकों में रात के तापमान में आंशिक कमी आई वहीं बीती रात बादलों की आवाजाही के साथ ही पुरवाई हवा में गलन और ठिठुरन से पूरा प्रदेश ठिठुरता रहा। राजधानी के बाहरी हिस्सों में कोहरे का असर आज सुबह नजर आया। दो दिन बाद आज सुबह सूर्यदेव के दर्शन थोड़ी देर हुए लेकिन फिर से आसमान में बादलों का जमावड़ा शुरू होते ही धूप गायब हो गई और सर्दी के तेवर तीखे हो गए। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में अगले दो तीन दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है वहीं दिन के तापमान में आंशिक बढ़ोतरी भी दर्ज हो सकती है। हालांकि रात में धुंध का असर बढ़ने पर सर्दी के तेवर फिलहाल तीखे बने रहेंगे।

बीते चौबीस घंटे में पश्चिमी मैदानी इलाकों में बादल छाए रहे और सर्द हवाओं से कड़ाके की सर्दी का जोर रहा। राजधानी जयपुर में आज सुबह छितराए बादलों की आवाजाही बनी रही वहीं शहर के बाहरी हिस्सों में धुंध का असर भी नजर आया। हवा की रफ्तार थमे रहने से आज सुबह सर्दी के तेवर थोड़े नर्म जरूर रहे वहीं आज सुबह नौ बजे बजे शहर में दिन का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। बीती रात शहर के न्यूनतम तापमान में आंशिक बढ़ोतरी हुई और पारा 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा लेकिन रात में ठंडी हवाओं में गलन का अहसास बना रहा है। स्थानीय मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार शहर में आज छितराए बादल छाए रहेंगे लेकिन धूप खिलने पर शहरवासियों को सर्दी से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है।

जयपुर तापमान

आज सुबह नौ बजे— 17 डिग्री सेल्सियस
आज दोपहर 12 बजे— 22 डिग्री सेल्सियस
सूर्यास्त आज शाम— 05.34 बजे
सूर्योदय कल सुबह— 07.03 बजे
चंद्रोदय आज रात— 09.43 बजे
चंद्रास्त कल सुबह— 11.19 बजे

Published on: