
जयपुर: राजस्थान में आगामी विधानसभा सत्र को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में गतिविधियां तेज हो गई हैं। राज्य सरकार ने 20 अगस्त से विधानसभा का मानसून सत्र आयोजित करने की तैयारी की है। इसी बीच, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अचानक हुए दिल्ली दौरे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई शिष्टाचार भेंट ने प्रदेश के सियासी पारे को बढ़ा दिया है।
गुरुवार को नई दिल्ली में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के जरिए दी। मानसून सत्र के ठीक पहले हुए इस अहम दौरे को रणनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सत्र की तैयारियों के बीच राज्य सरकार के प्रमुख मंत्रियों ने आगामी विधानसभा बैठकों के उद्देश्यों को स्पष्ट किया है। राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि संवैधानिक नियमों का पालन करते हुए नियमित अंतराल पर सदन की बैठक बुलाई जा रही है। इस सत्र के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, महत्वपूर्ण फैसलों का अनुमोदन और नए जनहितैषी विधेयकों को पटल पर रखकर पारित कराया जाएगा।
वहीं, कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए बताया कि राज्य सरकार समाज के सबसे वंचित और पिछड़े वर्गों तक सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है।
प्रस्तावित मानसून सत्र में सरकार अपनी उपलब्धियों को सदन के पटल पर रखने और युवाओं तथा किसानों के हित में नई घोषणाएं करने की तैयारी में है। विशेष रूप से राज्य में निवेश और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने वाली 'राइजिंग राजस्थान' पहल पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। मंत्रिमंडल के सदस्यों के अनुसार, सरकार कृषि सशक्तीकरण, महिला सुरक्षा, युवाओं के लिए रोजगार और जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए इस सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश कर सकती है।
सीएम भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, आज नई दिल्ली में माननीय केंद्रीय श्रम एवं रोजगार, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया से भेंट की। इस अवसर पर राजस्थान के युवाओं को कौशल, रोजगार, नवाचार और खेल के क्षेत्र में और अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाने, प्रदेश में खेल संस्कृति को नई गति देने, खिलाड़ियों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाओं के विस्तार तथा 'MY Bharat' के माध्यम से युवाओं के नेतृत्व और जनभागीदारी को सुदृढ़ करने के संबंध में सार्थक विचार-विमर्श हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी डबल इंजन सरकार युवाओं के सपनों को अवसरों से जोड़ते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।