जयपुर

Cold Wave: राजस्थान में बढ़ी सर्दी, अगले 48 घंटे में गिर सकता है तापमान

Temperature Forecast: आगामी सप्ताह रहेगा शुष्क मौसम, पश्चिमी विक्षोभ देगा हल्का प्रभाव। शेखावाटी में न्यूनतम तापमान सामान्य, 12 दिसंबर से फिर बढ़ेगी ठिठुरन।

less than 1 minute read
Dec 10, 2025

Rajasthan Weather: जयपुर. राजस्थान में इस समय शीतलहर का असर धीमे-धीमे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है, जो सामान्य स्तर पर है। राज्य के अन्य हिस्सों में रात का तापमान 8 से 13 डिग्री के बीच बना हुआ है। दूसरी ओर, अधिकतम तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया जा रहा है। विभाग ने अनुमान लगाया है कि अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की हल्की गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे रातें और ठंडी महसूस होंगी।

मुख्य मौसम तंत्रों के अनुसार, मध्य पाकिस्तान और पंजाब के ऊपर बना ऊपरी वायु चक्रवात अब कमजोर पड़ गया है। वहीं, मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में बना पश्चिमी विक्षोभ अब 82 डिग्री पूर्व देशांतर और 23 डिग्री उत्तरी अक्षांश के उत्तर में सक्रिय है। उत्तरी भारत के मैदानी इलाकों पर 110 नॉट्स तक की गति वाले सब-ट्रॉपिकल जेट स्ट्रीम प्रभावी बनी हुई है।

मौसम विभाग का कहना है कि आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि 12 दिसंबर से एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके कारण कुछ इलाकों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इसके प्रभाव से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की भी संभावना जताई गई है।

कुल मिलाकर, राजस्थान में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन रात और सुबह के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।

Also Read
View All

अगली खबर