
प्रतीकात्मक तस्वीर (पत्रिका)।
जयपुर. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम केंद्र जयपुर द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार प्रदेश में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है, लेकिन तापमान में उतार-चढ़ाव ने सर्दी से गर्मी की ओर बढ़ते मौसम का साफ संकेत दे दिया है। दिन में धूप तेज होने लगी है और पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में गर्मी का असर दिखने लगा है।
सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी ऊपर है। इसके अलावा जैसलमेर, जोधपुर और बीकानेर जैसे इलाकों में भी पारा 31 से 33 डिग्री के बीच रहा। तेज धूप और शुष्क हवाओं के कारण दोपहर में गर्मी का अहसास बढ़ गया है, जिससे लोगों ने हल्के कपड़े पहनना शुरू कर दिया है।
वहीं राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री के आसपास रहा। सुबह-शाम हल्की ठंडक बनी हुई है, लेकिन दिन में मौसम साफ और धूप खिली रहने से तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
हालांकि 16 और 17 फरवरी को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। जयपुर संभाग और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में बादल छाने तथा कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। यह परिवर्तन एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हो सकता है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।
फिलहाल पूरे प्रदेश के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दिन में धूप से बचाव और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है। कुल मिलाकर राजस्थान में सर्दी की विदाई और गर्मी की दस्तक साफ नजर आने लगी है।
Updated on:
15 Feb 2026 10:54 am
Published on:
15 Feb 2026 10:54 am
