
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में कांग्रेस ने राफेल विमान सौदे में भ्रष्टाचार और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला दहन किया।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता एवं जयपुर शहर जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह खाचरियावास के नेतृत्व में जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने शहर में सोलह प्रमुख चौराहों पर अपराह्न दो बजे विरोध-प्रदर्शन कर मोदी का पुतला दहन किया।
विरोध-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि वापस लो, महंगाई वृद्धि नहीं चलेगी, भ्रष्टाचार नहीं चलेगा, राफेल डील भ्रष्टाचार की जांच कराओ जैसे नारे लगाकर विरोध किया।
जयपुर कलेक्ट्रेट सर्किल पर आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए खाचरियावास ने केन्द्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राफेल सौदे में उसने हजारों करोड़ रुपयों का घोटाला किया है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार देश की जनता की आवाज बनकर पूरे देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम चला रहे है, लेकिन केन्द्र सरकार की चुप्पी से यह साबित हो गया है कि राफेल सौदे में बड़ा घोटाला हुआ है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार ईमानदार होती तो प्रधानमंत्री जवाब देते, संयुक्त संसदीय समिति अथवा उच्चतम न्यायालय के वर्तमान जजों की टीम से इसकी जांच कराई जाती तो इस सरकार की पोल खुलकर सामने आ जाती। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की गलत नीतियों के कारण पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही है, महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है और जनता की सुनने वाला कोई नहीं है।
उन्होंने कहा कि जनता में इतना आक्रोश है कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की गौरव यात्रा के दौरान वह मुख्यमंत्री को काले झण्डे दिखा रही हैं। लेकिन मुख्यमंत्री और पूरी सरकार घमण्ड में विरोध प्रदर्शन करने वालों से बात कर समस्या का समाधान करने की बजाए उन्हें गिरफ्तार कर जनता के आक्रोश को और बढ़ा रही है। खाचरियावास ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा जनता के दमन करने की नीति के कारण जनता का आक्रोश और अधिक भड़केगा और यह आक्रोश भाजपा सरकार के अंत का कारण बनेगा।