
जयपुर
चुनावी साल में बूथ मैनेजमेंट को मजबूत करने के उद्देश्य से राजस्थान प्रदेश कांग्रेस ने विधानसभा स्तर पर मेरा बूथ मेरा गौरव कार्यक्रम शुरू किया था। लेकिन कमोबेश हर विधानसभा क्षेत्र में विवाद की स्थिति बनी और कुछ जगहों पर जूतम पैतार भी हो गई। जबकि इन कार्यक्रम में पीसीसी चीफ से लेकर प्रदेश प्रभारी और दूसरे आला नेता भी शामिल हुए। जिनके सामने ही नारेबाजी और आरोप प्रत्यारोप का दौर चला। कुछ जगहों पर को शीर्ष नेताओं तक को नाराजगी झेलनी पड़ी है इसी वजह से अब कांग्रेस ने शेष बचे बूथों में कार्यक्रम आयोजित करने से इनकार कर दिया है। वहीं अब भाजपा की ओर से चुनावी साल में गौरव विकास यात्रा का कार्यक्रम बनाया जा रहा है जिसमें मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश का दौरा करेंगी
प्रदेश और केंद्र दोनों परेशान
कांग्रेस के लिए मेरा बूथ मेरा गौरव कार्यक्रम गलफांस बन है इसी वजह से करीब दो दर्जन विधानसभा क्षेत्रों में अब कार्यक्रम नहीं होगें और कार्यक्रमों में हंगामा और मारपीट की घटनाओं से वरिष्ठ नेता ही नहीं बल्कि पार्टी सु्प्रीमो राहुल गांधी भी बेहद चिंतित हैं। नेताओं को डर है कि अगर आगे कार्यक्रमों को जारी रखा गया तो गुटबाजी और आपसी झगड़ों के चलते पार्टी को विधानसभा चुनाव में कहीं नुकसान उठाना नहीं पड़ सकता है हालांकि अभी पार्टी की ओर से इस बारे में आधिकारिक आदेश जारी नहीं किए गए हैं। जानकारों की माने तो मार्च माह से लेकर अभी तक 180 विधानसभा क्षेत्रों में मेरा बूथ मेरा गौरव कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें तकरीबन दो दर्जन से ज्यादा स्थानों पर कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट झगड़े के मामले सामने आ चुके है। लेकिन शाहपुरा के अलावा और किसी भी जगह पर अनुशासनहीनता बरतने और मारपीट करने वाले कार्यकर्ताओं और नेताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
झगड़ों की रिपोर्ट दिल्ली तलब
पार्टी के जानकार सूत्रों की माने तो कार्यक्रमों में गुटबाजी और मारपीट की रिपोर्ट आलाकमान के पास पहुंच गई हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे और सह प्रभारियों से रिपोर्ट मांगी थी साथ ही इन घटनाओं पर नाराजगी भी प्रकट थी। इसी को लेकर पार्टी अध्यक्ष ने बीते माह पीसीसी चीफ सचिन पायलट और प्रदेश प्रभारी को दिल्ली बुलाकर अनुशासनहीनता बरतने वालों पर कड़ी
कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन हैरत की बात तो यह है कि पार्टी अध्यक्ष के आदेश भी नेताओं के लिए हवा-हवाई ही साबित हुए हैं।
जयपुर में भी हंगामा
राजधानी जयपुर में मेरा बूथ मेरा गौरव कार्यक्रमों में खूब हंगामा बरपा, किशनपोल, दूदू, सांगानेर, हवामहल, सिविल लाइंस, आदर्श नगर और मालवीय नगर में अलग-अलग गुटों के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा बरपाया। नौबत यहां तक आ गई कि हंगामा और कार्यकर्ताओं के आपस में उलझने पर मंच पर बैठे बड़े नेताओं को बीच-बचाव करना पड़ा।