जयपुर

पेयजल संकट को लेकर कांग्रेस का जल भवन घेराव, सड़क पर लेटकर किया प्रदर्शन, पूर्व मंत्री खाचरियावास ने भाजपा सरकार को घेरा

पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि जयपुर में गंदे पानी की सप्लाई से लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गर्मी शुरू होने से पहले सरकार ने कोई कंटिंजेंसी प्लान नहीं बनाया।

2 min read
May 25, 2026
PATRIKA PHOTO

जयपुर। राजधानी में पेयजल संकट और गंदे पानी की सप्लाई को लेकर कांग्रेस की ओर से विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सिविल लाइंस से जल भवन तक पैदल पानी यात्रा निकाली जा रही है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भीषण गर्मी के बीच सड़क पर लेटकर विरोध जताया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हसनपुरा चौराहे पर करीब 10 मिनट तक गर्म सड़क पर लेट गए। इससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मटके और तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि राजधानी में लोगों को साफ पानी तक नहीं मिल रहा और कई इलाकों में गंदे पानी की सप्लाई हो रही है।

ये भी पढ़ें

Rajasthan News: डाइट पूछने पर महिला डॉक्टर ने मरीज की बेटी को मारा थप्पड़, बेहोश हुई युवती, अस्पताल में मचा हंगामा

मटका फोड़कर जताया विरोध

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जल संकट को लेकर मटका फोड़ प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने “स्वच्छ और पूरा पानी दो, वरना कुर्सी छोड़ दो” जैसे नारे लगाए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि भीषण गर्मी में लोग पानी के लिए परेशान हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात है।

खाचरियावास ने सरकार को घेरा

पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि जयपुर में गंदे पानी की सप्लाई से लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गर्मी शुरू होने से पहले सरकार ने कोई कंटिंजेंसी प्लान नहीं बनाया। उन्होंने कहा कि लोग मजबूरी में 50 रुपए तक के पानी के कैम्पर खरीद रहे हैं, जबकि टैंकर माफिया 500 रुपए तक वसूल रहे हैं। सरकार की ओर से मुफ्त पानी के टैंकर भी उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं।

महिलाओं ने भी जताया आक्रोश

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि गंदे पानी की वजह से बच्चे बीमार हो रहे हैं और कई इलाकों में लोगों को पीने के लिए साफ पानी नहीं मिल पा रहा। उन्होंने सरकार से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पेयजल संकट दूर नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

ये भी पढ़ें

Rajasthan News: गर्मी की छुट्टियां घटाने पर भड़के शिक्षक, बड़े आंदोलन की तैयारी, स्कूलों में अवकाश शुरू होते ही एक्शन मोड में आए शिक्षक
Published on:
25 May 2026 11:47 am
Also Read
View All