
AI Generated Photo
Police Custody Escape Case: जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस कस्टडी से एक बदमाश के फरार होने का मामला सामने आया है। हालांकि उसका भागना सफल नहीं हो सका और उसकी आजादी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। पुलिस ने 80 किलोमीटर तक पीछा कर आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है और पहले भी पुलिस गिरफ्त से भागने की कोशिश कर चुका है।
शिवदासपुरा थाना प्रभारी राजेश गौतम ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत टोंक के रहने वाले 39 साल के सतसिंह उर्फ सदौल को गिरफ्तार कर लिया गया है। डीएसटी के हेड कॉन्स्टेबल अभय कुमार को सूचना मिली थी कि आरोपी टोंक रोड पर बड़खेड़ा टोल प्लाजा के पास घूम रहा है। पुलिस जैसे ही मौके पर पहुंची तो पुलिस को देख आरोपी ट्रक के पीछे छिप गया था। लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया था। उसके बाद तलाशी के दौरान उसके पास से 658 ग्राम स्मैक बरामद हुई थी, जिसे जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया था ।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से देर रात तक पूछताछ की गई। मंगलवार तड़के जब पुलिस उसे हवालात में बंद करने ले जा रही थी, तभी उसने मौका देखकर ड्यूटी पर मौजूद कॉन्स्टेबल को धक्का दिया और थाने से भाग निकला। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसका पीछा किया, लेकिन अंधेरे की वजह से वह पुलिस को दिख नहीं पाया और वह फायदा उठाकर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू कर दी और अलग-अलग टीमें बनाकर उन्हें अलर्ट कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि फरार होने के बाद आरोपी राहगीरों से लिफ्ट लेकर डिग्गी मालपुरा की तरफ निकल गया। पुलिस टीम लगातार उसके पीछे लगी रही और करीब 80 किलोमीटर दूर पहुंचकर बुधवार सुबह उसे दोबारा पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे वापस जयपुर लेकर आई। आरोपी के खिलाफ पुलिस कस्टडी से फरार होने का एक और केस दर्ज किया गया है। जांच में यह भी पता चला है कि उसके खिलाफ करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पहले भी पुलिस कस्टडी से भाग चुका है।
Updated on:
23 Jul 2026 03:31 pm
Published on:
23 Jul 2026 03:08 pm
