
Docter news
Rajasthan News: राजस्थान में एक निजी अस्पताल में भर्ती मरीज की बेटी को महिला डॉक्टर की ओर से थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। विवाद का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें महिला डाइटिशियन डॉक्टर मरीज की बेटी पर हाथ उठाती दिखाई दे रही हैं। मामला अलवर का है। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार मरीज लक्ष्मण का बुधवार शाम पित्त की थैली में पथरी का ऑपरेशन हुआ था। वह अस्पताल में भर्ती है। मरीज की बेटी सुनीता ने बताया कि गुरुवार सुबह महिला डाइटिशियन डॉ. सुरभि चौधरी मरीजों को खान-पान संबंधी जानकारी दे रही थी। इसी दौरान उसने पूछा कि मरीज को जूस के साथ फल दिए जा सकते हैं या नहीं। आरोप है कि इस सवाल पर डॉक्टर नाराज हो गईं और तीखे लहजे में जवाब दिया। कुछ देर बाद दवा लगाने को लेकर बातचीत हुई और विवाद बढ़ गया।
सुनीता का आरोप है कि जब उसने डॉक्टर से गुस्सा करने का कारण पूछा तो डॉक्टर ने उसे जोरदार थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ लगते ही वह बेहोश होकर नीचे गिर गई। घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिजन मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। अस्पताल के मुख्य गेट पर काफी देर तक विवाद की स्थिति बनी रही। सूचना पर एनईबी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश कर मामला शांत कराया। थाना अधिकारी दिनेश ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से शिकायत दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।
वहीं डॉ. तैयब ने मारपीट के आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि अस्पताल स्टाफ ने किसी के साथ हाथापाई नहीं की, बल्कि मरीज पक्ष की ओर से अभद्रता की गई थी। उन्होंने कहा कि डॉक्टर इलाज करने आते हैं, किसी का अपमान करने नहीं। बाद में थाने में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, जहां महिला डॉक्टर ने माफी मांग ली। इसके बाद मामला समझौते के साथ शांत हो गया।
Updated on:
22 May 2026 11:28 am
Published on:
22 May 2026 10:58 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
