
शादी का झांसा देकर युवती से बलात्कार (पत्रिका सांकेतिक तस्वीर)
राजधानी जयपुर में युवती को जन्मदिन की पार्टी में बुलाकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले दोस्ती की, फिर होटल में पार्टी के बहाने युवती को बुलाकर नशीला पेय पिला दिया। बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिए। बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी करीब तीन साल तक युवती का शोषण करता रहा। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार जयपुर निवासी युवती ने थाने में मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट में बताया गया कि नवंबर 2023 में उसकी आरोपी युवक से दोस्ती हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने धीरे-धीरे युवती से नजदीकियां बढ़ाईं। कुछ समय बाद उसने अपना जन्मदिन बताकर एक होटल में पार्टी रखने की बात कही और युवती को वहां बुलाया।
पीड़िता का आरोप है कि होटल पहुंचने पर आरोपी ने उसे धोखे से नशीला पेय पिला दिया। पेय पीने के बाद वह बेहोश हो गई। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो भी बना लिए। होश आने पर युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने वीडियो दिखाकर उसे डराया और वायरल करने की धमकी देने लगा।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी लगातार अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करता रहा। डर और बदनामी के भय से वह लंबे समय तक चुप रही। आरोपी करीब तीन साल तक शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक और मानसिक शोषण करता रहा। परेशान होकर जब युवती ने आत्महत्या करने की बात कही तो आरोपी ने शादी करने का वादा किया।
पीड़िता के दबाव बनाने पर आरोपी अचानक घर छोड़कर फरार हो गया। बाद में जानकारी जुटाने पर युवती को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है। खुद के साथ धोखा होने का एहसास होने पर उसने पुलिस में मामला दर्ज करवाया। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदलकर छिपता रहा।
पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दबिश देकर आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले में होटल, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
16 May 2026 01:20 pm
Published on:
16 May 2026 01:03 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
