1 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर में स्कूल जा रही नाबालिग छात्राओं को सिक्योरिटी गार्ड ने दिखाए अश्लील वीडियो, पुलिस ने आरोपी को किया राउंडअप

राजधानी में महिला सुरक्षा के दावों के बीच एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। स्कूल जा रही नाबालिग छात्राओं के साथ एक मंदिर के सिक्योरिटी गार्ड की ओर से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने की घटना सामने आई है।

2 min read
Google source verification

जयपुर। राजधानी में महिला सुरक्षा के दावों के बीच एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। स्कूल जा रही नाबालिग छात्राओं के साथ एक मंदिर के सिक्योरिटी गार्ड की ओर से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने की घटना सामने आई है। आरोपी ने न केवल बच्चियों का रास्ता रोका, बल्कि उन्हें अपने मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो दिखाकर प्रताड़ित भी किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी गार्ड को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

सुबह स्कूल जाते समय रास्ते में रोककर की अश्लील हरकत

पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार सुबह की है जब कुछ नाबालिग छात्राएं पैदल-पैदल अपने स्कूल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक मंदिर पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने उन्हें अकेला देखकर रोक लिया। पीड़िताओं ने बताया कि आरोपी ने सुनसान जगह का फायदा उठाते हुए छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। छात्राओं ने जब वहां से निकलने की कोशिश की तो आरोपी गार्ड ने उन्हें डराने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के उद्देश्य से अश्लील हरकतें कीं।

मोबाइल में दिखाए गंदे वीडियो

हद तो तब हो गई जब आरोपी गार्ड ने अपना मोबाइल निकाला और नाबालिग छात्राओं को जबरन अश्लील वीडियो दिखाने लगा। मासूम बच्चियां इस अचानक हुए हमले से सहम गई, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। जब बच्चियों ने विरोध करना शुरू किया और शोर मचाया तो आरोपी गार्ड घबरा गया। आसपास के लोगों के जुटने के डर से वह तुरंत मौके से भाग निकला। बच्चियों ने किसी तरह स्कूल पहुंचकर और बाद में घर आकर अपने परिजनों को इस पूरी आपबीती की जानकारी दी।

परिजनों का फूटा गुस्सा, पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में

छात्राओं की बात सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। आक्रोशित परिजन तुरंत संबंधित थाने पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की और आरोपी सिक्योरिटी गार्ड के ठिकानों पर दबिश देकर उसे राउंडअप कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस खंगाल रही है आरोपी का रिकॉर्ड

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी गार्ड का मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया है। ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसमें किस तरह का कंटेंट था और क्या उसने पहले भी किसी और के साथ ऐसी हरकत की है। पुलिस यह भी जांच रही है कि आरोपी किसी आपराधिक गिरोह का हिस्सा तो नहीं है या उसका कोई पुराना रिकॉर्ड तो नहीं है। इस घटना के बाद इलाके के अभिभावकों में गहरा रोष व्याप्त है और उन्होंने स्कूलों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।