प्रदेश में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दो को लेकर सरकार को घेरने में कोई कसर नही छोड़ना चाहती
जयपुर।
प्रदेश में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दो को लेकर सरकार को घेरने में कोई कसर नही छोड़ना चाहती। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं जयपुर जिलाध्यक्ष प्रतापसिंह खाचरियावास ने कहा कि राजधानी जयपुर के सभी 91 वार्डों में “मेरा बूथ मेरा गौरव सम्मेलन आयोजित किये जायेंगे।
खाचरियावास बुधवार को वार्ड नं. 27 में सिविल लाईन्स ओबीसी प्रकोष्ठ के ब्लॉक अध्यक्ष-गुलाब चन्द खोवाल और उनकी कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह मे बोल रहे थे। इस दौरान कांग्रेस नेता ओम राजोरिया,ब्लॉक अध्यक्ष-साधूराम शर्मा,पार्षद-लक्ष्मणदास मोरानी, गणपत राजोरिया, हनुमान सैनी और सुशील गुर्जर भी उपस्थित थे।
खाचरियावास ने कहा कि जयपुर में राज्य सरकार की वादा खिलाफी के विरूद्ध जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है। कांग्रेस पार्टी जयपुर की सभी 8 विधानसभा सीटे जीतने के लिये 7 जून से कांग्रेस जनता सम्पर्क अभियान शुरू करेगी। जिसके तहत वार्ड नं. 23 के सभी पार्कों में सुबह 7 बजे मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों से सम्पर्क अभियान की शुरूआत की जायेगी। इस अभियान में ब्लॉक अध्यक्ष-मनोज मुदगल और वार्ड अध्यक्ष-नवीन शर्मा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ वार्ड 23 के पार्कों में लोगों से मुलाकात कर, उन्हें राज्य सरकार के पांच वर्षों की वादा खिलाफी को लेकर जनता चौपाल का आयोजन कर जनचर्चा करेंगे।
खाचरियावास ने कहा कि इस अभियान के तहत सभी वार्डों में कांग्रेस कार्यकर्ता पार्कों में,कॉलोनियों में और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर जाकर लोगों से सीधा संवाद करके सरकार की वादा खिलाफी पर जनचर्चा करेगें।उन्होंने कहा कि मेरा बूथ मेरा गौरव अभियान के तहत जयपुर के सभी वार्डों में जनचर्चा सम्मेलन आयोजित किये जायेंगे। उसके बाद ब्लॉक स्तर पर सम्मेलन करने के बाद जुलाई में सभी विधानसभा क्षेत्रवाईज “मेरा बूथ मेरा गौरव अभियान के तहत बड़े सम्मेलनों का आयोजन किया जायेगा।
खाचरियावास ने कहा कि राजधानी जयपुर में कांग्रेस का अभियान लगातार जारी रहेगा, जिसके तहत लगातार सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खोलने के लिये व्यापक अभियान छेड़ा जायेगा। इसी क्रम में 8 जून को स्मार्ट सिटी के नाम पर हो रहे भ्रष्टाचार की पोल खोलने के लिये खाचरियावास कांग्रेस के प्रतिनिधि मण्डल के साथ स्मार्ट सिटी के नाम पर नगर निगम द्वारा किये जा रहे गलत कार्यों का जायजा लेकर सभी कार्यों की फोटोग्राफी कराकर लोकायुक्त में शिकायत दर्ज करायेंगे।