26 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Jaipur / राजस्थान में 11वीं पास बना MBBS डॉक्टर, वार्ड बॉय से की शुरुआत, फर्जी डिग्री के दम पर देश के बड़े अस्पतालों का बना चिकित्सक

राजस्थान में 11वीं पास बना MBBS डॉक्टर, वार्ड बॉय से की शुरुआत, फर्जी डिग्री के दम पर देश के बड़े अस्पतालों का बना चिकित्सक

जिस व्यक्ति ने अस्पताल में वार्ड बॉय के रूप में काम शुरू किया, वह फर्जी डिग्रियों के सहारे डॉक्टर बनकर बड़े अस्पतालों तक पहुंच गया। राजस्थान एसओजी की जांच में सामने आया कि महज 11वीं पास रामकिशोर महावर ने लाखों रुपए खर्च कर MBBS, MD और DMRD की डिग्रियां हासिल कीं। मुंबई से लखनऊ तक फैले इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल था और किस तरह चलता था यह पूरा फर्जीवाड़ा? पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Kamal Mishra

•

Updated: 26 Nov 2026, 8:35 PM IST

Rajasthan Fake Doctor

Rajasthan Fake Doctor: एसओजी की गिरफ्त में आरोपी रामकिशोर महावर (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। राजस्थान में फर्जी मेडिकल डिग्रियों के सहारे डॉक्टर बनने और बड़े अस्पतालों में मरीजों का इलाज करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने ऐसे अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो लाखों रुपए लेकर लोगों को MBBS, MD और अन्य मेडिकल कोर्स की फर्जी डिग्रियां उपलब्ध करवाता था। इस गिरोह की मदद से करौली निवासी रामकिशोर महावर महज 11वीं पास होने के बावजूद डॉक्टर बन गया। वह दिल्ली के नामी अस्पतालों में जूनियर रेजिडेंट के रूप में काम करने के साथ अलग-अलग अस्पतालों में ऑन-कॉल सोनोग्राफी भी करता रहा। एसओजी ने फर्जी डॉक्टर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

वार्ड बॉय से शुरू किया सफर, फिर बना डॉक्टर

एसओजी की जांच में सामने आया कि रामकिशोर महावर ने वर्ष 2016 से 2022 तक दौसा के एक निजी नर्सिंग होम में काम किया। इसके बाद बालोतरा और बयाना के निजी अस्पतालों में डॉक्टरों के सहायक के रूप में सेवाएं दीं। इस दौरान वह अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट टाइप करने जैसे काम भी करता था। बाद में दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट और वार्ड बॉय के रूप में काम किया।

इसी दौरान सोशल मीडिया पर फर्जी डिग्रियां उपलब्ध करवाने वाले गिरोह के संपर्क में आया। उसने पैसे देकर 12वीं, MBBS और MD गायनेकोलॉजी की फर्जी डिग्रियां हासिल कीं। इन दस्तावेजों के आधार पर मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण करवाया और डॉक्टर के रूप में काम करने लगा।

साढ़े पांच लाख में खरीदी MBBS और MD की डिग्री

जांच के अनुसार, रामकिशोर ने उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति से वाट्सऐप के जरिए संपर्क किया था। उसे करीब 6.5 लाख रुपए में 12वीं, MBBS और MD गायनेकोलॉजी की डिग्रियां उपलब्ध करवाने का प्रस्ताव मिला। सौदे के तहत उसने करीब साढ़े पांच लाख रुपए जमा करवाए। इसके बाद उसे कोरियर से फर्जी प्रमाणपत्र भेजे गए। इन दस्तावेजों के आधार पर उसने दिल्ली मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन नंबर 33624 हासिल किया। जून 2025 में उसे नई दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में कॉन्ट्रैक्ट पर जूनियर रेजिडेंट के रूप में काम करने का अवसर मिल गया।

फर्जी DMRD डिग्री से करने लगा सोनोग्राफी

रामकिशोर यहीं नहीं रुका। उसने सोशल मीडिया के जरिए एक अन्य व्यक्ति से संपर्क कर करीब साढ़े पांच लाख रुपए में DMRD (डिप्लोमा इन मेडिकल रेडियो डायग्नोसिस) की फर्जी डिग्री हासिल की। इस डिग्री को ऑनलाइन उपलब्ध करवाकर उसके मेडिकल रजिस्ट्रेशन में भी जुड़वा दिया गया। इसके बाद वह दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में ऑन-कॉल सोनोग्राफी करने लगा। एसओजी के अनुसार, उसने महाराष्ट्र के सरकारी मेडिकल कॉलेज मिरज के नाम से भी फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए।

फेसबुक और वाट्सऐप से चलता था डिग्रियों का कारोबार

जांच में पता चला कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालते थे। कोई ग्राहकों से संपर्क करता था, कोई फर्जी मार्कशीट और डिग्रियां तैयार करता था तो कोई संबंधित विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर दस्तावेज अपलोड करवाता था। इस तरीके से सत्यापन के दौरान फर्जी डिग्रियां वास्तविक नजर आती थीं। गिरोह ने 40 से अधिक विश्वविद्यालयों के नाम पर फर्जी डिग्रियां तैयार करने का खुलासा किया है।

मुंबई, ग्वालियर और लखनऊ से भी गिरफ्तारियां

एसओजी ने रामकिशोर महावर के अलावा मुंबई से सत्यजीत पाणिग्रही, ग्वालियर से मनीष मांजी और लखनऊ से खुर्रम तौफीक को गिरफ्तार किया है। सत्यजीत ग्राहकों से सौदे करता था, मनीष फर्जी दस्तावेज तैयार करता था और खुर्रम विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर डिग्रियां अपलोड करवाता था। एसओजी अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और फर्जी डिग्रियों के आधार पर काम कर रहे व्यक्तियों की तलाश में जुटी है।