
जयपुर। राजधानी में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के बीच अब अपराधियों की हिम्मत इतनी ज्यादा बढऩे लगी है कि वे सारी हदें पार करने लगे हैं। ऐसा ही एक मामला जयपुर के आगरा रोड़ स्थित मैरिज गार्डन से आया है जहां कुछ मनचले गार्डन में पहुंच गए और महिलाओं से छेड़छाड़ की। जिससे वहां बवाल हो गया।
गार्डन में चल रहा था शादी समारोह
आगरा रोड़ पर स्थित एक गार्डन में शादी समारोह चल रहा था तभी कुछ बाहरी युवक शादी में आ पहुंचे और महिलाओं से छेड़छाड़ करने लगे और उत्पात मचाने लगे। जब महिलाओं ने इसका विरोध किया तो मामला बढ़ गया और वहां मौजूद लोगों ने उन्हें दबोच लिया। लोगों ने उन मनचलों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खोनागोरियान थाना पुलिस ने बताया कि आगरा रोड पर स्थित जेम्स गार्डन में सोमवार रात शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने वहां जाकर उत्पात मचाया। लोगों ने उनको पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। छेड़छाड़ करने वाले युवक स्थानीय ही बताए जा रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर...सोशल मीडिया पर दोस्ती, फिर होटल में बुलाकर बलात्कार
एक युवक ने पहले तो सोशल मीडिया पर युवती से दोस्ती की। फिर शादी का झांसा दे बलात्कार किया। जगतपुरा निवासी 18 वर्षीय युवती ने जवाहर सर्किल पुलिस थाने में उक्त आशय का मामला दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार 4 वर्ष पहले फेसबुक के जरिए युवती की बातचीत नोएडा निवासी दीपक से हुई थी। बाद में वह जयपुर आया और होटल में ठहरा। होटल में उसे मिलने बुलाया, जहां बलात्कार किया। पीडि़ता ने शादी के लिए कहा तो इंकार कर दिया।