जयपुर

Cold weather in Rajasthan : पहाड़ों से उतरकर मैदानों में लौटी सर्दी

उत्तर भारत में बर्फबारी का दौर जारी, प्रदेश में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ, दो दिन बाद फिर नया विक्षोभ होगा सक्रिय, बीती रात कई इलाकों में लुढ़का पारा
2 min read
• •
Updated: 24 Feb 2024, 10:34 AM IST
rajasthan_weather_forecast.jpg
rajasthanweather: दिन में धूप की तपिश, शाम को सर्द हवा

जयपुर। माघ पूर्णिमा के साथ ही फाल्गुन मास की शुरूआत हो गई है लेकिन दिन के अलावा सुबह शाम में अब भी सर्दी तीखे तेवर दिखा रही है। सामान्यतया इन दिनों लोग गर्म कपड़ों का उपयोग कम कर देते हैं लेकिन इस बार प्रदेश में लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। सुबह शाम में सर्द हवाएं ठिठुरा रही हैं तो दिन में धूप की तपिश से लोग बेहाल हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिन बाद फिर से एक नया विक्षोभ सक्रिय होने और कई जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई है।

दस जिलों में पारा 10 डिग्री से कम
बीती रात कई जिलों में तापमान में उतार चढ़ाव जारी रहा। दस जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रेकॉर्ड हुआ। दिल्ली एनसीआर क्षेत्र से सटे अलवर जिले का न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री रहा। हनुमानगढ़ के संगरिया में 5.2 और जालोर में रात में पारा 6.2 डिग्री सेल्सियस पर ठहरा रहा। सीकर जिले में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री रहा जबकि जिले के फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र पर रात का तापमान 8.7 डिग्री रहा। करौली 6.5 और माउंट आबू में रात में पारा 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिन में धूप की तपिश, शाम को सर्द हवा
प्रदेश में दिन में धूप की तपिश लगातार बढ़ रही है लेकिन सूर्यास्त होते ही सर्द हवाएं ठिठुरा रही हैं। बीती रात अजमेर 13.7, भीलवाड़ा 8.4, जयपुर 13.3, पिलानी 10.5, कोटा 11.9, चित्तौड़ 12, डबोक 8.9, धौलपुर 10.4 डूंगरपुर 12.9, सिरोही 8.2, बाड़मेर 12.4, जैसलमेर 11, जोधपुर शहर 13.7, फलोदी 14.8, बीकानेर 13.5, चूरू 11.1 और श्रीगंगानगर 8.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

मार्च में भी मौसम सर्द
मौसम वैज्ञानिकों के आकलन के अनुसार प्रदेश में आगामी दिनों में भी मौसम का मिजाज हल्का सर्द रहने वाला है। 26 फरवरी से प्रदेश में नया विक्षोभ सक्रिय होने पर 12 से ज्यादा जिलों में हल्की बारिश का दौर रहने के आसार हैं। वहीं आगामी एक दो मार्च को फिर से विक्षोभ की आवाजाही शुरू होने पर छिटपुट बारिश का दौर होने की संभावना है।

Updated on:
24 Feb 2024, 10:34 AM IST
Published on: