
RPSC 2nd grade teacher exam paper Leak : राजधानी में भले जेडीए कार्रवाई के नाम पर अधिगम कोचिंग की इमारत धराशाई कर दी गई हो लेकिन नकलची गिरोह के हौसले अभी भी बुलंद हैं। इन्हें न पुलिस और न ही सरकार कोई भी पस्त कर पा रही है। 25-25 हजार के ईनामी सुरेश ढाका और भूपेंद्र नेपाल से बैठकर ही अपनी कोचिंग का करोबार चला रहे हैं और पुलिस अभी तक तार तक नहीं तलाश कर पा रही है। ऐसे में अब कार्रवाई को लेकर सवाल उठना शुरू हो गए हैं।
वरिष्ठ शिक्षक भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में ध्वस्त की गई अधिगम कोचिंग सेंटर के छात्रों को अब दूसरी कोचिंग भेजे जाने के मैसेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन संदेश में छात्रों को दूसरी कोचिंग का नाम बताया जा रहा है। यहां पर छात्रों को पीटीआई, सेकंड ग्रेड, थर्ड ग्रेड, एसआई और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाए जाने का आश्वासन दिया जा रहा है लेकिन अभी तक बच्चों की फीस नहीं लौटाई गई है। कुछ छात्रों का आरोप है कि कोचिंग संचालक टेलीग्राम पर ढहाई गई बिल्डिंग की लोकेशन भेज कर छात्रों को भ्रमित भी कर रहे हैं।
उधर उदयपुर पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपित भूपेंद्र सारण के पकड़े जाने के बाद पता चलेगा कि वरिष्ठ शिक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर परीक्षा से पहले कहां से लिया गया था। इसके अलावा यह पता चलेगा कि उसने कोचिंग के कौन-कौन से छात्रों को पेपर उपलब्ध करवाया था। इसके अलावा अन्य कोचिंग के कौन से छात्रों को पेपर दिया गया। बताया जाता है कि आरोपित भूपेंद्र की कोचिंग में करीब एक हजार प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहे थे।
अब घर भी गिराया जाएगा
वहीं जेडीए अधिकारियों की मानें तो अधिगम कोचिंग सेंटर की किराए की बिल्डिंग ढहाए जाने के बाद कई भवन मालिकों ने कोचिंग संचालकों को बिल्डिंग खाली करने के लिए नोटिस दिए हैं। वहीं पुलिस पेपर लीक मामले को लेकर अन्य कोचिंग सेंटर पर नजर बनाए हुए है।