
आगरा रोड को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नगर निगम लगातार अभियान चलाता है लेकिन कोई असर नजर नहीं आता। एक बार फिर निगम की टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान कुछ लोगों से निगम कर्मियों का टकराव भी हुआ। इसके तहत हर रोज अवैध रूप से लगे थड़ी ठेले जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है। निगम के प्रवर्तन दस्ते ने आज हवामहल पूर्व जोन में आगरा रोड पर अभियान चलाया।
लोगों के संभावित विरोध को देखते दस्ता पुलिस के साथ पहुंचा था। लोगों ने कार्रवाई के दौरान हल्का विरोध भी जताया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी के कारण उनका विरोध ज्यादा चल नहीं पाया। निगम दस्ते ने वहां पर अवैध रूप से लगे थड़ी ठेले जब्त कर लिए।
निगम दस्ते ने चौरड़िया पेट्रोल पम्प से मालपुरा गेट तक अस्थाई अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई। इस दौरान दुकानों के आगे सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बने हुए चबूतरों एवं दीवारों को जेसीबी की सहायता से ध्वस्त कर अतिक्रमण मुक्त करवाया गया।
अवैध रूप से सरकारी जमीन पर लगे हुए त्रिपाल और छप्परों को जेसीबी की सहायता से हटाया गया। कार्यवाही के दौरान अस्थाई अतिक्रमण हटाते हुए 7 ट्रक सामान थड़ी, ठेले और लोहे के काउंटर सहित अन्य सामान हटाकर गोदाम में जमा करवाया गया।